जोगणिया माता मंदिर में 19 से 27 मार्च तक नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान, कलश यात्रा, महायज्ञ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन

Update: 2026-03-13 06:12 GMT

लाडपुरा (शिव लाल जांगिड़)। क्षेत्र के प्रसिद्ध शक्ति पीठ जोगणियां माताजी संस्थान में चैत्र नवरात्र महोत्सव की तैयारियां परवान पर है। आगामी 19 मार्च से यहां नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों और मेले का शुभारंभ होगा। इस बार महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है, जिसे देखते हुए संस्थान प्रबंधन व्यापक व्यवस्थाओं में जुटा है। जोगणिया माता जी में यह नवरात्रि महोत्सव 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ आयोजित होगा।

जोगणियां माता शक्ति पीठ प्रबंधन एवं विकास संस्थान के अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी ने बताया कि महोत्सव का आगाज 19 मार्च को सुबह 9:15 बजे कलश यात्रा के साथ होगा। वेद विद्यालय के विद्वान पंडितों और बटुकों के मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से घटस्थापना एवं ध्वज स्थापना की जाएगी। नवरात्र के दौरान शक्ति पीठ में भक्ति की अविरल धारा बहेगी।

महायज्ञ, अनुष्ठान और दर्शन का समय

महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे से शाम 5 बजे तक पंच कुंडीय महायज्ञ एवं शतचंडी पारायण आयोजित होगा। वहीं वेद विद्यालय के विद्वानों द्वारा प्रतिदिन शाम 7 बजे से 8 बजे तक चतुर्वेद मंत्रोच्चार, स्तोत्र पाठ और भोग प्रदर्शन किया जाएगा। मंदिर में दैनिक श्रृंगार, पूजन-अर्चन और आरती के दर्शन श्रद्धालुओं के लिए सुबह 7 बजे से रात 1 बजे तक उपलब्ध रहेंगे। महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर स्थित पवनपुत्र हनुमानजी और खेड़ापति बालाजी मंदिर में अखंड रामायण पाठ का आयोजन भी नवरात्रि समापन तक निरंतर चलता रहेगा। इसके अतिरिक्त गायत्री शक्तिपीठ स्थल पर गायत्री पुरश्चरण, यज्ञ और अन्य धार्मिक अनुष्ठान भी प्रतिदिन आयोजित किए जाएंगे।

सांस्कृतिक कार्यक्रम और रासलीला का आनंद

प्रतिदिन माता का मनमोहक विशेष श्रृंगार किया जाएगा। महोत्सव के मुख्य आकर्षणों में पांच कुंडीय महायज्ञ एवं शतचंडी परायण पाठ, नौ दिवसीय अखंड रामायण पाठ, प्रतिदिन शाम को लोक कलाकारों की ओर से रासलीला का मंचन शामिल है। साथ ही 21, 23, 25 और 26 मार्च की रातों को भजन संध्या में भजन कलाकार माता के दरबार में स्वर लहरियां बिखेरेंगे। नवरात्रि महोत्सव का समापन 27 मार्च 2026 को नवमी के दिन मध्याह्न 1:15 बजे पूर्णाहुति के साथ किया जाएगा।

मेले में सजेगी खुशियों की हाट

महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले विशाल मेले में श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए झूले, चकरी और विभिन्न प्रकार की दुकानें सजाई जा रही हैं। संस्थान की ओर से चिलचिलाती धूप को देखते हुए छाया, ठंडे पानी और सुगम दर्शन के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। महोत्सव का समापन 27 मार्च को यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ होगा।

संस्थान ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की है। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पूरे क्षेत्र में प्लास्टिक के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा तथा मंदिर परिसर के दो किलोमीटर क्षेत्र में डीजे और तेज ध्वनि वाले बजाने पर भी रोक रहेगी। संस्थान ने बताया कि श्रद्धालुओं द्वारा दी वाली सहयोग राशि से मंदिर निर्माण, धर्मशाला निर्माण, वेद विद्यालय और गौशाला संचालन के साथ-साथ वृक्षारोपण, जल संरक्षण सहित अन्य धार्मिक एवं सामाजिक कार्य संचालित किए जा रहे हैं।

Tags:    

Similar News