सपनों की राह पर बेटियों की रफ्तार, ढोकलिया स्कूल में बंटी निःशुल्क साइकिलें
आकोला (रमेश चंद्र डाड)। कोटडी क्षेत्र के ढोकलिया ग्राम स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सरकार की योजना के अंतर्गत बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निःशुल्क साइकिल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा नौवीं में अध्ययनरत छात्राओं को कुल 20 साइकिलें प्रदान की गईं, जिससे अब उनके लिए स्कूल आना-जाना और भी आसान होगा।
समारोह के मुख्य अतिथि करण सिंह बेलवा रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कैलाश चंद्र तिवारी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में कैलाश चंद्र सुथार एवं धर्मचंद जीनगर उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का विद्यालय परिवार की ओर से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों ने छात्राओं को नियमित अध्ययन करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और शिक्षा को जीवन का मजबूत आधार बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा से ही समाज और राष्ट्र का भविष्य सशक्त बनता है, और सरकार की यह योजना बालिकाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।