भीलवाड़ा में मानवता की सेवा का महाकुंभ: 12 फरवरी से शुरू होगा 56वां नि:शुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर
भीलवाड़ा । भारत विकास परिषद (स्वामी विवेकानंद शाखा) और श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में सेवा और समर्पण का एक बड़ा अध्याय लिखने की तैयारी पूरी हो चुकी है। स्व. मनीष काबरा की द्वितीय पुण्यतिथि के स्मृति में आगामी 12 से 14 फरवरी तक काशीपुरी-वकील कॉलोनी स्थित माहेश्वरी भवन में 56वां नि:शुल्क विशाल कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण एवं दिव्यांग उपकरण वितरण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान दंत चिकित्सा शिविर भी लगेगा। इस तीन दिवसीय आयोजन में कृत्रिम हाथ-पैर से लेकर श्रवण यंत्र तक आधुनिक तकनीक से तैयार कर मौके पर ही वितरित किए जाएंगे। शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहाँ दिव्यांगजनों के लिए कृत्रिम अंग केवल वितरित ही नहीं किए जाएंगे, बल्कि विशेषज्ञों की टीम द्वारा मौके पर ही निर्माण कर उन्हें फिट किया जाएगा। शिविर में कृत्रिम पैर (जयपुर फुट), कृत्रिम हाथ, ट्राई साइकिल, बैसाखियाँ, छड़ी, वॉकर, व्हीलचेयर और केलिपर्स उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही, दृष्टिबाधितों के लिए विशेष 'इलेक्ट्रॉनिक छड़ी' और सुनने में अक्षम लोगों के लिए श्रवण यंत्र भी दिए जाएंगे। दन्त रोग चिकित्सा के लिए एक विशेष चलित वाहन भी उपस्थित रहेगा। आयोजकों ने बताया कि वर्ष 1986 से 2025 तक परिषद ने सेवा के 29 वर्षों में कुल 55 शिविर आयोजित किए हैं। इन शिविरों के माध्यम से अब तक 3991 दिव्यांग भाई-बहनों को लाभान्वित किया गया है। आंकड़ों के अनुसार, अब तक 1070 कृत्रिम पैर, 230 कृत्रिम हाथ, 756 कैलिपर्स और 812 बैसाखियों का वितरण कर लोगों के जीवन में नई रोशनी लाई गई है। शिविर संयोजक रजनीकांत आचार्य ने बताया कि इस वर्ष भी अजय इण्डिया लि. के सौजन्य से सैकड़ों परिवारों को संबल मिलेगा।
प्रथम दिवस: जिला कलेक्टर करेंगे भव्य उद्घाटन
12 फरवरी, गुरुवार को प्रातः 10:15 बजे शिविर का शुभारंभ होगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू होंगे। कार्यक्रम में उदासीन आश्रम के महामण्डलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन का आशीर्वचन प्राप्त होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रान्तीय अध्यक्ष भारत विकास परिषद राधेश्याम सोमानी करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में समाज सेवी एवं उद्योगपति पंकज ओस्तवाल, बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय प्रमुख डॉ. राजेश भांकड़, रामेश्वरम् भवन के अध्यक्ष कैलाश कोठारी एवं समाज सेवी अशोक बुरड़ उपस्थित रहेंगे।
द्वितीय दिवस: कार्यशाला का जीवंत अवलोकन
शिविर के दूसरे दिन, 13 फरवरी को मुख्य अतिथि जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव कार्यशाला का अवलोकन करेंगे। इस दौरान आमजन यह देख सकेंगे कि किस प्रकार दिव्यांगों के लिए कृत्रिम अंगों का निर्माण किया जाता है। इस दिन महंत मोहनशरण शास्त्री का सानिध्य रहेगा। साथ ही पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, नगर निगम महापौर राकेश पाठक, माहेश्वरी सेवा समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश नराणीवाल और लघु उद्योग भारती की महिला इकाई अध्यक्ष पल्लवी लड्ढा सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।
समापन समारोह: सांसद एवं कैबिनेट मंत्री की गरिमामयी उपस्थिति
14 फरवरी को दोपहर 3:00 बजे शिविर का भव्य समापन होगा। समापन समारोह के मुख्य अतिथि सांसद दामोदर अग्रवाल और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत होंगे। विधायक अशोक जी कोठारी अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा और महात्मा गांधी चिकित्सालय के अधीक्षक श्रीमान् डॉ. अरुण गौड़ भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।भारत विकास परिषद् शाखा स्वामी विवेकानंद के अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल, सचिव के.जी. सोनी एवं वित्त सचिव आदित्य मानसिंहका ने क्षेत्र के सभी जरूरतमंदों से इस शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।