नगर न‍िगम की बड़ी कार्रवाई: बाबा धाम के सामने लाखों की बेशकीमती भूमि अतिक्रमण मुक्त, पक्की दीवारें ढहाकर हटाया कब्जा

Update: 2026-03-17 07:13 GMT

भीलवाड़ा । शहर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा धाम के सामने स्थित बेशकीमती सरकारी भूमि पर भू-माफियाओं और अतिक्रमणकारियों द्वारा जमाए गए अवैध कब्जे पर आज नगर निगम की टीम ने कड़ा प्रहार किया। निगम के दस्ते ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से खड़ी की गई पक्की दीवारों को ध्वस्त कर दिया और करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराकर पुनः सरकारी नियंत्रण में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, बाबा धाम के ठीक सामने स्थित इस बेशकीमती जमीन पर पिछले कुछ समय से भू-माफियाओं की नजर थी। कब्जा करने की नीयत से यहां सीमेंटेड पक्की दीवारें खड़ी कर दी गई थीं और बाकायदा लोहे के गेट भी लगा दिए गए थे, ताकि इसे निजी संपत्ति का रूप दिया जा सके।

पीला पंजा चला, तो ढह गए अवैध मंसूबे

अतिक्रमण की शिकायत उच्चाधिकारियों तक पहुंचने के बाद नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर राजस्व और प्रवर्तन टीम भारी जाप्ते के साथ मौके पर पहुंची। टीम के साथ आए जेसीबी (पीले पंजे) ने चंद मिनटों में ही अवैध रूप से निर्मित सीमेंटेड दीवारों और गेट को जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया, हालांकि प्रशासन की सख्ती के आगे किसी की एक न चली।

भू-माफियाओं को सख्त चेतावनी

नगर निगम के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में कहीं भी सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण या कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बाबा धाम के सामने हुई इस कार्रवाई के बाद अब निगम अन्य क्षेत्रों में भी चिन्हित किए गए अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी कर रहा है। मौके पर टीम ने जमीन को पूरी तरह साफ करवाकर वहां नगर निगम का बोर्ड लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस महत्वपूर्ण कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता सुरेश गर्ग, कनिष्ठ अभियंता रामेश्वर गुर्जर, अतिक्रमण प्रभारी संजय खोखर सहित निगम का दस्ता और गांधी नगर थाने का पुलिस जाप्ता तैनात रहा।

Tags:    

Similar News