राजेंद्र मार्ग स्कूल में एनएसएस शिविर का चतुर्थ दिवस: स्वयंसेवकों ने किया श्रमदान
भीलवाड़ा । राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय राजेंद्र मार्ग में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन स्वयंसेवकों ने सेवा और समर्पण का संदेश दिया। प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह गहलोत ने बताया कि कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम प्रभारी व्याख्याता सत्येंद्र माली के निर्देशन में विद्यालय के कृषि विज्ञान परिसर में सघन श्रमदान किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने न केवल परिसर की साफ-सफाई की, बल्कि पेड़-पौधों की छंटाई कर उन्हें पानी भी पिलाया।
शिविर के बौद्धिक सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित समसा भीलवाड़ा के एपीसी दिनेश कोली ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया। उन्होंने राष्ट्र सेवा के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को देश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उपप्रधानाचार्य अंकिता उपाध्याय एवं व्याख्याता भैरूलाल नायक ने विद्यार्थियों को सामाजिक जीवन में श्रम की महत्ता समझाते हुए कहा कि स्वावलंबन ही सफल व्यक्तित्व की नींव है। इस अवसर पर मार्गदर्शक के रूप में व्याख्याता सुरेंद्र सिंह चौहान, प्रतिभा अग्रवाल और दिनेश कुमार शर्मा सहित कई शिक्षाविद उपस्थित रहे।