पंचमुखी मुक्तिधाम मार्ग की बदहाली पर जाजू ने जताई चिंता, प्रशासन को लिखा पत्र
भीलवाड़ा । गांधी सागर तालाब और मंगलम मल्टी स्टोरी से पंचमुखी मुक्तिधाम जाने वाली मुख्य सड़क की जर्जर हालत को लेकर पर्यावरणविद् बाबूलाल जाजू ने मोर्चा खोल दिया है। जाजू ने सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक अशोक कोठारी, जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू और नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी को पत्र भेजकर मार्ग की तत्काल मरम्मत, नालियों के सुधार और अतिक्रमण हटाने की पुरजोर मांग की है।
हजारों श्रद्धालुओं और नागरिकों को हो रही भारी परेशानी
बाबूलाल जाजू ने बताया कि यह मार्ग शहर की जीवनरेखा जैसा है, जहाँ से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पंचमुखी मंदिर में दर्शन के लिए और नागरिक मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार हेतु गुजरते हैं। यह सड़क श्याम विहार, शास्त्री नगर, लक्ष्मी नगर, हनुमान कॉलोनी, पंचवटी, खत्री कॉलोनी, शास्त्री नगर हाउसिंग बोर्ड, काशीपुरी, वकील कॉलोनी और आजाद नगर जैसी दर्जनों कॉलोनियों को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है।
गड्ढे और गंदगी से बुरा हाल, अतिक्रमण ने बढ़ाई मुसीबत
वर्तमान में सड़क की स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है। जगह-जगह गहरे गड्ढों के कारण आए दिन हादसे होने का अंदेशा बना रहता है। जाजू ने पत्र में उल्लेख किया कि मार्ग के किनारे बनी नालियां क्षतिग्रस्त होने से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा, मार्ग पर किए गए अस्थाई अतिक्रमणों ने आवागमन को और अधिक बाधित कर दिया है, जिससे जाम की स्थिति बनी रहती है।