काछोला के भक्तों ने गढ़बोर चारभुजानाथ में खेली केसर की होली, फागोत्सव में उमड़ा श्रद्धालुओं का उत्साह
आकोला( रमेश चंद्र डाड) राजस्थान के प्रसिद्ध गढ़बोर चारभुजा नाथ मंदिर में इन दिनों पारंपरिक फागोत्सव की धूम मची हुई है। मंदिर परिसर में श्रद्धालु ठाकुरजी के साथ गुलाल उड़ाकर और भजनों की स्वर लहरियों के बीच होली खेलते हुए भक्तिभाव में सराबोर नजर आ रहे हैं।
काछोला कस्बे के गायत्री शक्तिपीठ मंदिर से भगवान चारभुजानाथ के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं का जत्था बालकृष्ण स्वर्णकार और बालमुकुंद सोनी के सानिध्य में गढ़बोर पहुंचा, जहां उन्होंने चारभुजानाथ फाग महोत्सव में भाग लेकर ठाकुरजी के झूला फाग के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर में प्रतिदिन विशेष धार्मिक अनुष्ठान और भक्ति कार्यक्रमों के बीच श्रद्धालु आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति प्राप्त की। इस दौरान काछोला के भक्तों ने भी ठाकुरजी के साथ केसरिया रंग और गुलाल से होली खेली।
श्रद्धालु बालकृष्ण सोनी ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी काछोला कस्बे के महिला-पुरुष बड़ी संख्या में गढ़बोर चारभुजानाथ पहुंचे और फागोत्सव में भाग लिया।