गरीब परिवारों के पट्टों के लिए उपमुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
भीलवाड़ा । कच्ची बस्ती विकास मंच संस्थान के जिला अध्यक्ष गोवर्धन सिंह कटार के नेतृत्व में आज राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से शहर के गरीब और मजदूर परिवारों के लंबे समय से लंबित पड़े पट्टों के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया।
जिला अध्यक्ष कटार ने उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया कि 'प्रशासन शहरों के संग अभियान 2021-22' के दौरान शहर की विभिन्न कच्ची बस्तियों में रहने वाले सैकड़ों गरीब परिवारों ने अपने मकानों के पट्टे प्राप्त करने के लिए नगर निगम में आवेदन किया था। कटार के अनुसार, इन आवेदनों की प्रक्रिया के तहत समाचार पत्रों में आम सूचना (विज्ञप्ति) तक प्रकाशित करवा दी गई थी, लेकिन विडंबना यह है कि वर्षों बीत जाने के बाद भी इन पात्र परिवारों को अब तक पट्टे जारी नहीं किए गए हैं।
ज्ञापन में मांग की गई है कि नगर निगम प्रशासन को तुरंत निर्देशित किया जाए कि वे इन सभी लंबित फाइलों को ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करें, ताकि पारदर्शी तरीके से गरीब परिवारों को उनके आशियाने का मालिकाना हक मिल सके।
उपमुख्यमंत्री ने दिया शीघ्र समाधान का आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सरकार गरीबों के प्रति संवेदनशील है और नगर निगम को उचित दिशा-निर्देश देकर इन फाइलों का निस्तारण जल्द करवाया जाएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पात्र परिवारों को अतिशीघ्र उनके पट्टे वितरित किए जाएंगे।
इस अवसर पर मंच के प्रतिनिधिमंडल में मोहम्मद इकबाल बिसायति, रोहित जैन, और सत्यनारायण तेली सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
