शाहपुरा की बाल पर्यावरण योद्धा श्रेया कुमावत पर बनेगी डॉक्यूमेंट्री फिल्म
शाहपुरा (भैरू लाल लक्षकार)। शाहपुरा की लाडली बेटी और ‘ग्रीन लिटिल बेबी’ के नाम से प्रसिद्ध बाल पर्यावरण योद्धा श्रेया कुमावत ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अपने समर्पण और जुनून से एक विशिष्ट पहचान बनाई है। उनके कार्यों की गूंज अब स्थानीय स्तर से निकलकर अंतरराष्ट्रीय पटल तक पहुंच चुकी है। इन्हीं उल्लेखनीय उपलब्धियों को देखते हुए अब श्रेया के जीवन पर एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का निर्माण किया जा रहा है। यह फिल्म समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को प्रेरित करने का कार्य करेगी।
झारखंड के धनबाद फिल्म सिटी से फिल्म निर्माता-निर्देशक शत्रुघ्न महतो एवं उनकी टीम शीघ्र ही शाहपुरा पहुंचकर शूटिंग प्रारंभ करेगी। इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रकाश चंद्र रेगर ने कहा कि यह फिल्म न केवल श्रेया के कार्यों को उजागर करेगी, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन करते हुए युवाओं को नई दिशा प्रदान करेगी। इस गौरवपूर्ण पहल के लिए प्रशासन और नागरिकों ने श्रेया को सहयोग व आशीर्वाद देने का आह्वान किया है।