पीथास में मेधावी विद्यार्थियों का विद्यालय परिवार ने किया भव्य अभिनंदन
भीलवाड़ा (हलचल)। मांडल तहसील के पीथास ग्राम स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में खुशी का माहौल देखा गया। विद्यालय का कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट रहने पर विद्यालय प्रशासन द्वारा सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
परीक्षा में श्रेष्ठ अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धि को सराहते हुए प्रधानाचार्य इंद्रपाल सिंह चुंडावत एवं उपप्रधानाचार्य सुरेश चंद्र पारीक ने उनकी पीठ थपथपाई। समारोह के दौरान उपस्थित शिक्षकों ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को दुपट्टा पहनाकर और मालाएं अर्पण कर उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर उनके उज्जवल भविष्य की मंगल कामना की।
सम्मान कार्यक्रम में शिक्षक राधेश्याम मीणा, सोनाली सिंगल, लक्ष्मी खटीक, राजेंद्र कुमार कुमावत, मंजू बंसल, किशन दास वैष्णव, अनिता खटीक, संतोष चंदेल, भगवती गाडरी और रामदयाल पुरोहित सहित समस्त विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन का परिणाम है।