भीलवाड़ा/रायपुर (सत्यनारायण सेन)। जिले के खेमाणा गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब साइकिल वितरण कार्यक्रम के बाद सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया के काफिले को घेरकर नारेबाजी की गई। हालात उस वक्त और बिगड़ गए जब विधायक के निकलने के बाद उनके प्रतिनिधि और साथियों की कार पर हमला कर दिया गया। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। रायपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गल्यावड़ी निवासी रतनलाल सुथार, रूपचंद पुत्र रतन गाडरी और रतन पुत्र शंकर लाल जाट ने थाने में रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट में बताया गया कि खेमाणा स्थित राजकीय विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विधायक के साथ वे तीनों भी मौजूद थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब विधायक अपनी गाड़ी से रवाना हुए तो कुछ लोगों ने रास्ता रोककर नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद विधायक वहां से निकल गए।
विधायक के निकलने के बाद उनके प्रतिनिधि और साथी जैसे ही अपनी कार से आगे बढ़े, आरोपियों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया और पत्थर फेंककर शीशे तोड़ दिए। हमलावरों ने धमकी देते हुए कहा कि विधायक तो बच गए, वरना अंजाम कुछ और होता। इसके बाद तीनों का पीछा कर गल्यावड़ी में उनकी गाड़ी को रोका गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई।
शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर तीनों को विधायक की गाड़ी में बैठाकर वहां से रवाना किया। घायलों को रायपुर अस्पताल ले जाकर मेडिकल जांच और प्राथमिक उपचार कराया गया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच एसआर सुखाडिया को सौंपी है।
जांच अधिकारी सुखाड़िया के अनुसार रिपोर्ट में चावंडसिंह राजपूत, नारायण सिंह, एक अन्य नारायण सिंह, किशन सिंह, सुमेर सिंह, महिपाल सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, कान सिंह, कालू सिंह, दशरथ सिंह, चंद्रभान सिंह, नारायण पुत्र मदन सरगरा, पूरण सैन और मयूर सिंह चारोट सहित 13 लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
