अभद्रता करने पर एमएलवी गवर्नमेंट कॉलेज के प्रोफेसर राजेंद्र सिंह यादव निलंबित

Update: 2026-02-20 09:36 GMT

भीलवाड़ा। शहर के एमएलवी गवर्नमेंट कॉलेज में परीक्षा देने आई एक छात्रा से नशे की हालत में अभद्रता करने के आरोपी भूगोल के प्रोफेसर राजेंद्र सिंह यादव को राज्य सरकार ने निलंबित कर दिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

कॉलेज आयुक्त डॉ. ओमप्रकाश बैरवा ने निलंबन आदेश जारी किए। आदेश में उल्लेख किया गया है कि प्रोफेसर राजेंद्र सिंह यादव ने नशे में छात्रा के साथ गंभीर अभद्रता एवं दुर्व्यवहार किया। इस कृत्य को सेवा नियमों का उल्लंघन मानते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

आदेश के अनुसार, विभागीय जांच लंबित रखते हुए राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 13(1) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि के दौरान यादव का मुख्यालय कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय, जयपुर रहेगा।

गौरतलब है कि घटना के बाद से विभिन्न महिला संगठनों द्वारा आरोपी प्रोफेसर को निलंबित करने की मांग की जा रही थी। भाजपा नेता मधु शर्मा ने छात्रा से दुर्व्यवहार के आरोपी के खिलाफ सरकार द्वारा की गई कार्रवाई पर मंत्री का आभार जताया है।

Tags:    

Similar News