भीलवाड़ा शहर में सुबह बरसात ,इन जिलों में अलर्ट
भीलवाड़ा भीलवाड़ा शहर में सुबह बरसात का दौर शुरू हो गया. कभी तेज तो कभी रुक-रुक कर बारिश जारी रही. इस दौरान लोग बारिश में भीगते और कुछ बचते नजर आए.लोगों को तेज बारिश का इंतजार है लेकिन इंद्रदेव अभी भीलवाड़ा पर पूरी तरह से मेहरबान नहीं हुए हैं. छुटपुट बारिश ही अभी यहां हो रही है. फुहारों ने भीलवाड़ा वासियों को उमस और गर्मी से फौरी तौर पर तो राहत दिला दी है.
आज प्रदेश में भीलवाड़ा सहित 12 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार आज से प्रदेश में नया वेदर सिस्टम एक्टिव हो रहा है। इसके प्रभाव से 7 जुलाई तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। दक्षिणी व पूर्वी भागों में कहीं-कहीं भारी व अति भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में भी इस दौरान जोधपुर व बीकानेर संभाग में बारिश की गतिविधियों में इजाफा हो सकता है।
इन जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने आज बांसवाड़ा, बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, झालावाड़, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद तथा उदयपुर में अति भारी वर्षा और अजमेर में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पूर्वी राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना है। इसके अलावा मानसून ट्रफ भी श्रीगंगानगर से होकर गुजर रही है। बंगाल की खाड़ी में बना लो-प्रेशर सिस्टम आगे बढ़कर राजस्थान के नजदीक पहुंच गया है। इन सभी सिस्टम के कारण राजस्थान में अगले 3-4 दिन अच्छी बारिश होने की संभावना है।