भीलवाड़ा में राष्ट्रीय बालिका दिवस पर बालिकाओं को शपथ और खेलों में सम्मानित किया
भीलवाड़ा। आज राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर बालिकाओं के अधिकारों और उनके सशक्तिकरण के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह दिन समाज को बालिकाओं के लिए समान, सुरक्षित और सशक्त वातावरण बनाने के लिए प्रेरित करता है, ताकि वे राष्ट्र के विकास में समान रूप से योगदान दे सकें।
इस अवसर पर बाल अधिकारिता विभाग एवं जिला बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक धर्मराज प्रतिहार के निर्देशानुसार पुलिस लाईन परिसर में भीलवाड़ा के विभिन्न विद्यालयों से आए बालक-बालिकाओं को बाल विवाह को रोकने की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही देवनारायण आवासीय बालिका छात्रावास में बालिकाओं के लिए खेल गतिविधियां आयोजित की गईं और बालिकाओं को बाल विवाह, बाल अधिकार और बालिका शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
इस गतिविधि में जिला बाल संरक्षण इकाई के संरक्षण अधिकारी अनुराधा तोलंबिया, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के हेमन्त सिंह सिसोदिया, सुपरवाइजर राधेश्याम गुर्जर और केस वर्कर सुमन साहू ने जानकारी प्रदान की। विद्यालय प्रधानाचार्य मानाराम गुर्जर ने खेल गतिविधियों में विजेता बालिकाओं को पुरूस्कार देकर सम्मानित किया। विजेता बालिकाओं में कविता मीणा, मोनिका बंजारा, रिंकु गुर्जर, निशा बंजारा, अंजु गुर्जर और तारा खटीक शामिल हैं।