राजस्थान में 'वन स्टेट-वन इलेक्शन': भीलवाड़ा सहित प्रदेश के 309 निकायों में एक साथ होंगे चुनाव
भीलवाड़ा । राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश की चुनावी तस्वीर साफ कर दी है। अब भीलवाड़ा नगर निगम सहित राज्य के सभी 309 शहरी निकायों में चुनाव एक साथ संपन्न कराए जाएंगे। आयोग ने भीलवाड़ा, शाहपुरा, गुलाबपुरा, गंगापुर, जहाजपुर और मांडलगढ़ सहित शेष 113 निकायों के लिए मतदाता सूचियों के संक्षिप्त पुनरीक्षण का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है।
चुनावी कार्यक्रम की मुख्य तिथियाँ:
13 अप्रैल: मतदाता सूचियों के ड्राफ्ट का प्रकाशन।
08 मई: अंतिम मतदाता सूची (वोटर लिस्ट) का प्रकाशन।
तैयारियों का घटनाक्रम:
राज्य निर्वाचन आयोग ने 'वन स्टेट-वन इलेक्शन' की मंशा के अनुरूप स्वायत्त शासन निदेशालय (DLB) को पूर्व में छह बार पत्र लिखकर सभी निकायों में एक साथ चुनाव कराने की संभावना पर जवाब मांगा था। जवाब मिलने में देरी होने पर आयोग ने पहले 196 निकायों का कार्यक्रम जारी किया था, लेकिन अब शेष 113 निकायों से भी हरी झंडी मिलने के बाद पूरे प्रदेश में एक साथ चुनावी बिगुल फूंक दिया गया है। निकायों के पुनर्गठन को लेकर कोर्ट में लंबित आपत्तियों के निस्तारण के बाद सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि वह पुनर्गठन की प्रक्रिया अपना सकती है। माना जा रहा है कि मतदाता सूचियों के फाइनल होने के बाद मई या उसके बाद कभी भी मतदान की तारीखों का ऐलान हो सकता है।