पंचवटी ने विकास की नई दिशा पकड़ी, आम सभा में पेश हुआ कार्यों का रिपोर्ट कार्ड!
भीलवाड़ा पंचवटी विकास समिति द्वारा कम्युनिटी हॉल परिसर में एक भव्य आम सभा का आयोजन किया गया, जिसमें कॉलोनी के समग्र विकास को लेकर अब तक किए गए कार्यों का विस्तृत लेखा-जोखा कॉलोनीवासियों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बड़ी संख्या में नागरिकों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया।
समिति अध्यक्ष विक्रम झा ने अपने संबोधन में कहा कि पंचवटी क्षेत्र वर्षों से जिन मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा था, उन्हें बीते 17 महीनों में प्राथमिकता के आधार पर हल करने की हर संभव प्रयास किया गया है। उन्होंने बताया कि कॉलोनी के इतिहास में पहली बार पूरे पंचवटी क्षेत्र में ₹3 करोड़ 35 लाख की लागत से व्यापक नाली निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिससे बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि ए व डी सेक्टर में सड़कों का नवीनीकरण, सी व एफ सेक्टर में नई जलापूर्ति पाइपलाइन, स्मृति वन मार्ग पर वर्षों बाद स्ट्रीट लाइट व वायरिंग की व्यवस्था, पार्कों का जीर्णोद्धार तथा बच्चों व युवाओं के लिए आधुनिक क्रिकेट नेट बॉक्स और “खेल-खेल में पढ़ाई” जैसी शैक्षणिक पहल पंचवटी के बदलते स्वरूप को दर्शाती हैं। कार्यक्रम में समिति के कोषाध्यक्ष श्री शंभू वर्मा ने आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत करते हुए समिति की वित्तीय पारदर्शिता की जानकारी दी।
सभा में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. श्याम सुंदर जी भट्ट, श्री कैलाश जी जिंगर एवं श्री सुभाष जी आचार्य उपस्थित रहे। अतिथियों ने विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पंचवटी विकास समिति ने योजनाओं को काग़ज़ों से निकालकर ज़मीन पर उतारा है। वहीं डॉ. कश्मीर जी भट्ट ने भविष्य की योजनाओं को और प्रभावी बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कार्यक्रम के अंत में समिति के मुख्य संरक्षक श्री अरुण सोनी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कॉलोनीवासियों, अतिथियों एवं समिति सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर समिति सचिव अभिषेक चंडालिया, मुकेश लोट, सुनील नामदेव, अशोक जिंगर, शिव शक्ति सिंह, नितिन मुलावत सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे। उपस्थित नागरिकों ने विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए समिति को निरंतर सहयोग देने का विश्वास दिलाया।
