निजी विद्यालय के प्रधान पर एससी–एसटी वर्ग के प्रति भेदभावपूर्ण टिप्पणियों का आरोप, दलित समाज ने दी कड़ी कार्रवाई की मांग
भीलवाड़ा। हमीरगढ़ नगर पालिका में एक निजी विद्यालय के संस्था प्रधान और उनके परिजनों पर अनुसूचित जाति व जनजाति वर्ग के प्रति भेदभावपूर्ण और अभद्र टिप्पणियां करने का गंभीर आरोप सामने आया है। दलित समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में उपखंड कार्यालय पहुंचकर एसडीएम झंवरलाल मित्तल को ज्ञापन सौंपा और आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि आरोपित व्हाट्सएप पर एक विशेष ग्रुप बनाकर एससी–एसटी वर्ग को लक्षित करते हुए आरक्षण, संविधान और सामाजिक समानता के खिलाफ आपत्तिजनक संदेश और नारे प्रसारित कर रहे हैं। इससे अनुसूचित जाति व जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों पर नकारात्मक मानसिक प्रभाव पड़ रहा है और सामाजिक तनाव बढ़ रहा है। दलित समाज ने मामले की निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे भेदभावपूर्ण और संविधान विरोधी कृत्यों पर रोक लग सके।