भीलवाड़ा। बेमौसम बारिश के बाद सब्जियों के दाम तेजी से बढ़ गए हैं। हरी मिर्च अब 80 रुपए से लेकर 100 रुपए किलो तक बिक रही है। वहीं नींबू के दाम 140 रुपए प्रति किलो और लहसुन 100 से 140 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गए हैं।
गत दिनों हुई बेमौसम बारिश का असर जिले की सब्जी मंडियों पर साफ दिखाई दे रहा है। बारिश के कारण सब्जियों की आवक कम हो गई है, जिससे बाजार में उनकी कीमतें आसमान छू रही हैं। आमतौर पर सब्जियों के दाम जमीन पर रहते हैं, लेकिन इस बार हरी मिर्च और लहसुन समेत कई सब्जियों के भाव दोगुने हो गए हैं।
विशेषकर हरी मिर्च के दाम में वृद्धि ने रसोई बजट पर असर डाला है। तीखी मिर्च अब सिर्फ स्वाद ही नहीं, बल्कि जेब पर भी भारी पड़ रही है। गृहणियों की खरीदारी पर इसका सीधा असर पड़ा है।
हरी मिर्च हुई ‘लाल’
सब्जी मंडियों में हरी मिर्च 100 रुपए प्रति किलो तक बिक रही है। सब्जी विक्रेताओं के अनुसार, यह स्थिति बेमौसम बारिश और हरी मिर्च की बढ़ी मांग के कारण बनी है। बारिश के बाद आवक कम होने से दाम बढ़ गए हैं, जिससे महिलाओं का रसोई बजट प्रभावित हुआ है। वर्तमान में हरी मिर्च के दाम 80 से 100 रुपए प्रति किलो तक हैं।