माणिक्य लाल वर्मा राजकीय महाविद्यालय के बाहर प्रदर्शन, प्रोफेसर पर छात्रा से दुर्व्यवहार का आरोप

Update: 2026-02-16 07:01 GMT

भीलवाड़ा। शहर के माणिक्य लाल वर्मा राजकीय महाविद्यालय के एक प्रोफेसर पर छात्रा से कथित छेड़छाड़ और बदतमीजी के आरोप को लेकर सोमवार को माहौल गरमा गया। घटना के विरोध में नारी शक्त‍ि की महिलाओं ने कॉलेज के मुख्य द्वार पर एकत्रित होकर नारेबाजी की और संबंधित प्रोफेसर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं, जिन्होंने कॉलेज प्रशासन और सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया।

जानकारी के अनुसार महाविद्यालय के प्रोफेसर राजेंद्र सिंह यादव पर आरोप है कि उन्होंने नशे की हालत में एक छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार किया और छेड़छाड़ की। घटना की जानकारी सामने आने के बाद छात्राओं और उनके परिजनों में आक्रोश फैल गया। मामले को लेकर स्थानीय महिलाओं ने एकजुट होकर कॉलेज गेट पर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी प्रोफेसर को तत्काल बर्खास्त करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं मधु शर्मा व एडवोकेट कीर्ति सौलंकी ने कहा कि शिक्षा के घर में जहां बेटियां पढ़ने के लिए आती हैं, वहां इस तरह का व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के लिए आदर्श माने जाते हैं और यदि वही इस प्रकार की हरकत करेंगे तो छात्राओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े होंगे। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आरोपी शिक्षक को तुरंत निलंबित कर निष्पक्ष जांच कराई जाए।

उन्‍होंने यह भी कहा कि शिक्षा के मंदिर में इस तरह की घटनाएं हर माता-पिता के लिए चिंता का विषय हैं। कई लड़क‍ियाें ने अपने व‍िषय भी बदल ल‍िये है व कई तो कॉलेज आना ही नहीं चाह रही है। अपनी बेटियों को सुरक्षित माहौल में पढ़ने के लिए भेजते हैं, लेकिन यदि कॉलेज परिसर में ही इस प्रकार की घटनाएं सामने आएंगी तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। इस दौरान कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।  शहर में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग शिक्षा संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।

Tags:    

Similar News