संगम इंडिया लिमिटेड की डेनिम यूनिट में कार्यरत युवक की उपचार के दौरान मौत, मुआवजे को लेकर ग्रामीणों का धरना

Update: 2026-02-16 07:12 GMT

हमीरगढ़ (अनिल डांगी)। हमीरगढ़ क्षेत्र के बिलिया कला के पास स्थित संगम इंडिया लिमिटेड की डेनिम यूनिट में कार्यरत बिलिया कलां निवासी विनोद गुर्जर पुत्र छोटू गुर्जर की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया और मुआवजे की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया।

जानकारी के अनुसार विनोद गुर्जर डेनिम यूनिट में अपनी ड्यूटी पर कार्यरत था। इसी दौरान उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं। इसकी सूचना मिलते ही परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसे उदयपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर छा गई। परिजनों एवं ग्रामीणों ने संगम ग्रुप से मृतक के परिवार को नौकरी या मासिक वेतन राशि देने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए कंपनी को सहायता प्रदान करनी चाहिए।

धरना प्रदर्शन की सूचना पर हमीरगढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंची और समझाइश के प्रयास किए। पुलिस एवं कंपनी प्रतिनिधियों की मौजूदगी में वार्ता के बाद समझौता तय हुआ। समझौते के तहत मृतक के परिजनों को प्रतिमाह 12 हजार रुपये तथा एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति बनी। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और बुजुर्ग मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News