राजस्थान बोर्ड: इतिहास में पहली बार मार्च में ही जारी हुआ 12वीं का परिणाम
भीलवाड़ा। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने सत्र 2025-26 के लिए कक्षा 12वीं के तीनों संकायों—आर्ट्स, कॉमर्स और साइंस का परिणाम आज घोषित कर दिया है। प्रदेश के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने आधिकारिक तौर पर नतीजों की घोषणा की। बोर्ड के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब मार्च महीने के भीतर ही 12वीं का रिजल्ट जारी कर दिया गया हो।
प्रमुख आंकड़े और परिणाम:
इस वर्ष के परिणाम पर नजर डालें तो पिछले साल के मुकाबले सफलता का प्रतिशत थोड़ा कम रहा है। संकायवार परिणाम इस प्रकार रहा:
आर्ट्स (कला वर्ग): 97.54%
कॉमर्स (वाणिज्य वर्ग): 98.50%
साइंस (विज्ञान वर्ग): 97.52%
गौरतलब है कि 12वीं की परीक्षाएं 11 मार्च को संपन्न हुई थीं, जिसमें प्रदेश भर से कुल 9 लाख 10 हजार 9 छात्र पंजीकृत थे। बोर्ड ने इस बार रिकॉर्ड समय में कॉपियों का मूल्यांकन कर परिणाम तैयार किया है।
स्टूडेंट्स ऑफिशियल वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in पर जाकर अपना रिजल्ट चेक सकते हैं। बता दें कि विज्ञान वर्ग में 97.52 प्रतिशत, वाणिज्य वर्ग में 93.64 प्रतिशत और कला वर्ग में 97.54 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए।
बोर्ड की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, उच्च माध्यमिक विज्ञान वर्ग की परीक्षा में कुल 2,87,068 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2,85,299 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। विज्ञान वर्ग का कुल परिणाम 97.52 प्रतिशत रहा।
इसमें छात्रों का उत्तीर्णता प्रतिशत 97.02 रहा, जबकि छात्राओं का उत्तीर्णता प्रतिशत 98.34 प्रतिशत दर्ज किया गया। विज्ञान वर्ग में 1,78,051 छात्रों में से 1,46,644 छात्र तथा 1,07,248 छात्राओं में से 98,636 छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुई हैं।
उच्च माध्यमिक वाणिज्य वर्ग में कुल 30,798 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 30,580 परीक्षा में प्रविष्ट हुए। वाणिज्य वर्ग का परिणाम 93.64 प्रतिशत रहा। इसमें छात्रों का उत्तीर्णता प्रतिशत 94.04 और छात्राओं का 92.82 प्रतिशत रहा। वाणिज्य वर्ग में 20,666 छात्रों में से 13,976 छात्र तथा 9,914 छात्राओं में से 8,096 छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुई हैं।
उच्च माध्यमिक कला वर्ग में सबसे अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए। इस वर्ग में कुल 5,91,023 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 5,83,201 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। कला वर्ग का कुल परिणाम 97.54 प्रतिशत रहा। इसमें छात्रों का उत्तीर्णता प्रतिशत 96.68 और छात्राओं का 98.29 प्रतिशत रहा। कला वर्ग में 2,72,970 छात्रों में से 1,56,818 छात्र तथा 3,10,231 छात्राओं में से 2,27,252 छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुई हैं।
वहीं, वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा में कुल 4,114 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 4,067 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। इस परीक्षा का कुल परिणाम 97.20 प्रतिशत रहा। इसमें छात्रों का उत्तीर्णता प्रतिशत 96.46 और छात्राओं का 97.77 प्रतिशत रहा। वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा में 1,781 छात्रों में से 832 छात्र तथा 2,286 छात्राओं में से 1,328 छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुई हैं।
पिछले वर्ष की तुलना में हल्का बदलाव
यदि पिछले वर्ष के परिणाम से तुलना करें तो विज्ञान वर्ग का परिणाम 2025 में 98.43 प्रतिशत था, जो इस वर्ष घटकर 97.52 प्रतिशत रहा। वाणिज्य वर्ग में भी परिणाम 99.07 प्रतिशत से घटकर 93.64 प्रतिशत रहा। वहीं कला वर्ग का परिणाम 97.78 प्रतिशत से मामूली घटकर 97.54 प्रतिशत रहा। वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा का परिणाम भी 97.76 प्रतिशत से घटकर 97.20 प्रतिशत रहा।
राजस्थान बोर्ड 12वीं में बेटियों ने बाजी मारी है। साइंस स्ट्रीम में दीपिका ने 99.8% हासिल किया है तो वहीं नव्या मीणा आर्ट्स विषय में 99.6% अंक पाए हैं। ऑर्ट्स विषय में ही नरपत ने भी 99.6% अंक हासिल किए हैं। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने सभी को फोन करके बधाई दी।
जयपुर के दो जुड़वा भाइयों ने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं आर्ट्स संकाय में करीब-करीब एक जैसे नंबर लाए। आयुष अग्रवाल की 97% और उनके भाई पियूष अग्रवाल की 96.4% बनी है। वे किस्टल कॉन्वेट स्कूल के छात्र हैं।
युवराज रजवानिया माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं विज्ञान संकाय में 97.80% अंक हासिल किए। वे राहुल पब्लिक स्कूल सांगानेर के छात्र हैं। उन्होंने गणित विषय में 100 में से 100 अंक हासिल किए।
सानिया मीना की माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं विज्ञान संकाय में 95.40% अंक हासिल किए। वे मदर मैरी पब्लिक स्कूल की छात्रा हैं। उन्होंने गणित विषय में 100 में से 100 अंक हासिल किए।
साक्षी भगौर की RBSE की 12वीं विज्ञान विषय में 97% अंक हासिल की। साक्षी आइडियल एजूकेशन पब्लिक स्कूल की छात्रा हैं। साक्षी ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता-पिता और शिक्षकों को दिया है।
शिवानी मीणा ने RBSE की 12वीं आर्ट्स में 97.40% अंक हासिल किए। शिवानी राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जमवारामगढ़ की छात्रा हैं। शिवानी ने सरकारी स्कूल में पढ़कर 97% से ज्यादा अंक हासिल कर कहा कि नियमित पढ़ाई की जाए तो किसी भी स्कूल में विद्यार्थी सफलता प्राप्त कर सकता है।
अनोखा संयोग: 12वीं से पहले आया 10वीं का रिजल्ट
इस साल शिक्षा बोर्ड ने एक नया कीर्तिमान भी स्थापित किया है। अमूमन 12वीं के नतीजे पहले आते हैं, लेकिन इस बार 10वीं का रिजल्ट 24 मार्च को ही घोषित कर दिया गया था। राजस्थान बोर्ड के इतिहास में यह पहला अवसर है जब 12वीं से पहले 10वीं का परिणाम जारी हुआ और अब मार्च खत्म होने से पहले ही 12वीं के छात्र भी अपना रिजल्ट देख चुके हैं।
