जीवदया के लिए राजस्थान पत्रकार परिषद की अनूठी पहल, राजीविका की सवा 2 लाख महिलाएं जुड़ेंगी अभियान से
हमीरगढ़ (भीलवाड़ा)। भीषण गर्मी में बेजुबान पक्षियों को राहत देने के लिए राजस्थान पत्रकार परिषद द्वारा शुरू किया गया 'परिंडा अभियान' समाज के लिए एक मिसाल बन रहा है। हमीरगढ़ राजीविका क्लस्टर फेडरेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राजीविका प्रदेशाध्यक्ष अमित जोशी ने इसे कलम और करुणा का अद्भुत संगम बताया।
राजीविका की सवा 2 लाख महिलाएं बनेंगी सहभागी
प्रदेशाध्यक्ष जोशी ने परिषद की इस भावनात्मक पहल की सराहना करते हुए घोषणा की कि इस अभियान से राजीविका से जुड़ी सवा दो लाख महिलाओं को प्रेरित कर जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि जब आसमान से आग बरस रही हो, तब बेजुबानों की प्यास बुझाना सबसे बड़ी मानवीय सेवा है।
5 दिनों में बांटे जाएंगे 500 परिंडे
परिषद के जिलाध्यक्ष राजेश जीनगर ने जानकारी दी कि इस महाभियान के तहत पांच दिनों में जनसहयोग से कुल 500 परिंडे वितरित किए जाएंगे। इसी कड़ी में हमीरगढ़ क्लस्टर परिसर स्थित विद्यालय में 51 परिंडों का वितरण किया गया। समाजसेवी राकेश शर्मा ने इसे 'जियो और जीने दो' के संदेश को जीवंत करने वाला कदम बताया।
व्यवहारात्मक परिवर्तन पर जोर
राजीविका क्लस्टर अकाउंटेंट कौशल्या कंवर ने कहा कि यह प्रयास आमजन के व्यवहार में बदलाव लाएगा। अकेले हमीरगढ़ क्लस्टर की 5000 से अधिक महिलाएं अपने घरों और छतों पर परिंडे लगाने के लिए संकल्पित हैं। महिलाओं को परिंडों की सफाई और नियमित जल भरने की जिम्मेदारी भी समझाई गई।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर क्लस्टर फेडरेशन की अध्यक्ष खुशबू गर्ग, उपाध्यक्ष गीता शर्मा, सचिव गायत्री, कोषाध्यक्ष गंगा धोबी सहित विनोद खटीक, किरण कंवर, नीमा कंवर, सीमा गाडरी, आशा कंवर राणावत, पूजा खारोल, निर्मला परमार और चंदा साल्वी सहित कई सदस्य मौजूद थे।
