आसींद थाने में श्रद्धा पचौरी ने पहली महिला थाना अधिकारी के रूप में संभाला कार्यभार
भीलवाड़ा। आसींद पुलिस थाने में श्रद्धा पचौरी ने पहली महिला थाना अधिकारी के रूप में पदभार संभाल लिया है। 2015 बैच की पुलिस अधिकारी श्रद्धा पचौरी की यह नियुक्ति आसींद क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण परिवर्तन के रूप में देखी जा रही है।
पुलिस सेवा में श्रद्धा पचौरी का आठ वर्षों से अधिक का अनुभव है। इससे पहले वे भरतपुर रेंज में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुकी हैं। आसींद में नियुक्ति से पूर्व वर्ष 2023 में वे भीलवाड़ा जिले के काछोला और शकरगढ़ थानों में भी थाना अधिकारी के रूप में कुशलतापूर्वक सेवाएं दे चुकी हैं।
महिलाओं को किया जाएगा जागरूक
कार्यभार संभालते ही श्रद्धा पचौरी ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल तैयार करना और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखना उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल होगा।
उन्होंने बताया कि महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें समाज में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना भी उनके कार्यों का महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगा। साथ ही, क्षेत्र में संगठित और सामान्य अपराधों पर त्वरित कार्रवाई कर कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी।
श्रद्धा पचौरी की यह नियुक्ति आसींद क्षेत्र में कानून व्यवस्था और पुलिसिंग के लिए एक सकारात्मक बदलाव का संकेत मानी जा रही है।
