गंगापुर ......नगर पालिका वार्ड संख्या 06 की बदहाल सड़कों एवं महीनों से बंद पड़े नगर पालिका संचालित पनघट को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता रामप्रसाद माली ने अधिशासी अधिकारी करणी सिंह सोडा को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि सराय स्कूल के बाहर की सड़क पूरी तरह से टूट चुकी है, जिससे मोहल्ले वासियों एवं आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सिनेमा के पीछे वाली गली में लंबे समय से पैचवर्क नहीं हुआ है तथा चंबल पाइपलाइन कार्य के बाद सड़क की मरम्मत भी अधूरी पड़ी है।
मोहल्लेवासियों ने यह भी अवगत कराया कि सिनेमा के पीछे स्थित नगर पालिका संचालित पनघट कई महीनों से खराब पडी है। आगामी ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए पेयजल संकट की आशंका जताते हुए पनघट को तत्काल चालू करवाने की मांग की गई है।
रामप्रसाद माली ने कहा कि वार्ड 06 में अनेक स्थानों पर सड़कें जर्जर अवस्था में हैं। पिछले पांच वर्षों में न तो समुचित पैचवर्क किया गया और न ही नई सड़कें बनीं। केवल गौतम आश्रम रोड पर किया गया पैचवर्क भी घटिया गुणवत्ता का है। उन्होंने प्रशासन से सराय स्कूल के बाहर सड़क निर्माण एवं अन्य स्थानों पर पैचवर्क उच्च गुणवत्ता के साथ करवाने की मांग की।
ज्ञापन सौंपते समय प्रवीण सिंह, दिनेश कुमार सहित वार्ड के नागरिक उपस्थित रहे।
वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्यवाही नहीं की गई तो जनआंदोलन किया जाएगा।
