भीलवाड़ा की मिनरल ग्राइंडिंग यूनिट्स पर संकट, उद्योग की रफ्तार थमी
राजस्थान में मिनरल ग्राइंडिंग उद्योग इन दिनों गंभीर संकट से गुजर रहा है। प्रदेश में करीब 6 हजार से अधिक मिनरल ग्राइंडिंग यूनिट्स संचालित हैं, जिनमें भीलवाड़ा, ब्यावर-अजमेर, सीकर, राजसमंद और उदयपुर प्रमुख केंद्र हैं। खास बात यह है कि इस पूरे परिदृश्य में भीलवाड़ा एक अहम स्थान रखता है, जहां बड़ी संख्या में यूनिट्स आज भी उद्योग की रीढ़ बनी हुई हैं।
हालांकि, प्रदेश के अन्य क्षेत्रों की तरह इस उद्योग पर मंदी का असर साफ दिखाई दे रहा है। ब्यावर क्षेत्र में तो हालात बेहद चिंताजनक हैं, जहां करीब 90 प्रतिशत फैक्ट्रियां बंद हो चुकी हैं। इसके चलते 5 हजार से ज्यादा मजदूरों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है।
भीलवाड़ा बना सहारा, लेकिन दबाव बढ़ा
जहां एक ओर कई जिलों में यूनिट्स बंद हो रही हैं, वहीं भीलवाड़ा में अभी भी उत्पादन जारी है, लेकिन यहां के उद्योगपति भी दबाव महसूस कर रहे हैं। मांग में गिरावट और बढ़ते खर्चों के कारण यूनिट्स का संचालन चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है।
व्यापारियों पर बढ़ा आर्थिक बोझ
फैक्ट्री मालिकों का कहना है कि उत्पादन ठप होने के बावजूद उन्हें बैंक लोन की किश्तें और अन्य फिक्स खर्च उठाने पड़ रहे हैं। इससे आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उद्योग से जुड़े लोगों ने सरकार से राहत पैकेज और विशेष सहायता की मांग की है।
15 करोड़ का मासिक कारोबार प्रभावित
ब्यावर क्षेत्र, जो फेल्सपार और क्वार्ट्ज ग्राइंडिंग का बड़ा हब माना जाता है, वहां हर महीने करीब 15 करोड़ रुपए का टर्नओवर होता था। लेकिन मांग घटने से फैक्ट्रियों में मिनरल का स्टॉक जमा हो गया है और पिसाई का काम बंद करना पड़ा है।
देशभर में होती है सप्लाई
यहां तैयार किए गए मिनरल का बड़ा हिस्सा गुजरात के मोरबी में सिरेमिक उद्योग, उत्तर प्रदेश के खुर्जा में कप-प्लेट उद्योग और फिरोजाबाद में चूड़ी उद्योग में उपयोग होता है। मांग घटने से इन सप्लाई चेन पर भी असर पड़ा है।
सरकार से राहत की उम्मीद
उद्योग से जुड़े लोग सरकार से बिजली दरों में राहत, टैक्स में छूट और वित्तीय सहायता की मांग कर रहे हैं, ताकि इस महत्वपूर्ण उद्योग को फिर से गति मिल सके और रोजगार के अवसर बहाल हो सकें।
भीलवाडा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए समाचार प्रेम कुमार गढवाल Email - bhilwarahalchal@gmail.com व्हाट्सएप - 9829041455 विज्ञापन - विजय गढवाल 6377364129 सम्पर्क - भीलवाडा हलचल कलेक्ट्री रोड,नई शाम की सब्जी मंडी भीलवाडा
