एनजीटी के आदेशानुसार लावारिस मवेशियों की समस्या का समाधान हो: सांसद, विधायक व कलक्टर को लिखा पत्र
भीलवाड़ा। शहर में लावारिस मवेशियों की गंभीर समस्या के समाधान को लेकर पर्यावरणविद् बाबूलाल जाजू ने सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक अशोक कोठारी, जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू एवं नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी को पत्र लिखकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
जाजू ने बताया कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी), सेन्ट्रल जोनल बैंच भोपाल द्वारा उनकी जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए 16 जनवरी 2026 को शहर में लावारिस मवेशियों की समस्या का स्थाई समाधान करने के आदेश जारी किए गए हैं। एनजीटी ने स्पष्ट किया है कि जिन्दल को गौशाला में लावारिस मवेशियों को रखने और उनके खिलाने-पिलाने की समुचित व्यवस्था करनी होगी।
पर्यावरणविद् जाजू के अनुसार, शहर के मुख्य मार्गों पर मवेशियों के झुंड जमा होने से आवागमन बुरी तरह बाधित हो रहा है और आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने मांग की है कि इन मवेशियों को तत्काल गौशाला में स्थानांतरित कर आमजन को राहत प्रदान की जाए। इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार द्वारा चिन्हित 400 बीघा भूमि, जो जिन्दल सॉ लिमिटेड को आवंटित की गई थी, वहां नए सिरे से पौधारोपण और देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश भी एनजीटी ने दिए हैं। जाजू ने इन आदेशों की प्रभावी पालना हेतु एक उच्च स्तरीय निगरानी समिति गठित करने का आग्रह किया है।