सवाईपुर क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदला: कहीं बूंदाबांदी तो कहीं रिमझिम बारिश, किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें
सवाईपुर (सांवर वैष्णव)। क्षेत्र में नए मौसम तंत्र के सक्रिय होने से मंगलवार दोपहर को अचानक मौसम ने करवट ली। आसमान में उमड़े बादलों के साथ ही सवाईपुर और आसपास के गांवों में बारिश का दौर शुरू हुआ, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
तापमान गिरा, उमस से मिली राहत
दोपहर को बदले मौसम के मिजाज के चलते सवाईपुर, ढ़ेलाणा, बड़ला और बनकाखेड़ा सहित कई गांवों में हल्की बूंदाबांदी हुई। वहीं, अगरपुरा, रुपाहेली और चावंडिया क्षेत्र में अच्छी रिमझिम बारिश देखने को मिली। इस अचानक हुई बारिश से पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से आमजन को तो राहत मिली है, लेकिन ग्रामीण इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
फसलों के खराब होने का डर
बारिश शुरू होते ही किसानों की धड़कनें तेज हो गई हैं। वर्तमान में खेतों में गेहूं, चना और जौ की फसलें कटकर तैयार पड़ी हैं। अचानक आए इस मावठ जैसे हालात ने किसानों के लिए संकट खड़ा कर दिया है। बारिश की आहट मिलते ही किसान खेतों की ओर दौड़ पड़े और अपनी कटी हुई फसलों व पशुओं के चारे (खाखले) को तिरपाल व प्लास्टिक से ढकने की मशक्कत में जुट गए। किसानों का कहना है कि यदि बारिश तेज होती है तो भीगी हुई फसलों की गुणवत्ता खराब होने और आर्थिक नुकसान का अंदेशा है।