भीलवाड़ा । भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी ने आज राजस्थान विधानसभा में बजट 2026-27 पर चर्चा के दौरान सभापति महोदय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार का यह तीसरा बजट अत्यंत प्रभावशाली और दूरदर्शी है। उन्होंने कहा कि पहला बजट ऐतिहासिक रहा, जिसके निर्णयों को धरातल पर उतारा गया। दूसरा बजट ग्रीन बजट की थीम पर आधारित था, जिसमें कुल बजट का 11.50 प्रतिशत पर्यावरण को समर्पित किया गया। इस वर्ष पर्यावरण बजट को 20 प्रतिशत बढ़ाकर लगभग 33 हजार करोड़ रुपये कर दिया गया है, जो सरकार की प्रकृति संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता दर्शाता है।
विधायक कोठारी ने कहा कि सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास को महत्व देने के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन पर भी विशेष ध्यान दे रही है। चारागाह विकास, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के लिए 5000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। चारागाह भूमि को डिजिटल रूप से चिन्हित करने का निर्णय गोचर भूमि और गौवंश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने बताया कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 1.67 लाख रुपये से बढ़कर 2.02 लाख रुपये हो गई है। सरकार ने 4 लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा है, जिसमें से 1 लाख को रोजगार दिया जा चुका है और शेष प्रक्रिया जारी है। 1 लाख युवाओं को 10 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण देने की योजना है तथा इस वर्ष 30 हजार युवाओं को इससे जोड़ने का संकल्प लिया गया है। किसानों के लिए 25 हजार करोड़ रुपये के ब्याज मुक्त ऋण का प्रस्ताव भी रखा गया है।
शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए 69 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। 400 विद्यालयों को क्रमोन्नत किया जाएगा, कन्या विद्यालयों में हाइजीनिक शौचालय बनाए जाएंगे, 8वीं, 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को लैपटॉप हेतु 20 हजार रुपये की सहायता तथा 9वीं कक्षा के छात्रों को साइकिल दी जाएगी।
पेयजल क्षेत्र में अब तक 14 लाख कनेक्शन दिए जा चुके हैं और 3 लाख नए कनेक्शन जोड़े जाएंगे, जिससे 6200 गांव लाभान्वित होंगे। इसके लिए 5000 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। विद्युत क्षेत्र में 2 लाख 5 हजार नए कनेक्शन दिए जाएंगे। अक्षय ऊर्जा उत्पादन में राजस्थान देश में अग्रणी है और 2027 तक ऊर्जा आत्मनिर्भर बनने का लक्ष्य सरकार ने रखा है।
उद्योग क्षेत्र में प्रतिदिन 83 उद्योगों को भूमि आवंटन का निर्णय सराहनीय है। RIPS-2024 नीति से भीलवाड़ा का टेक्सटाइल उद्योग लाभान्वित हुआ है। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा राजस्थान की जीडीपी में तीसरे स्थान पर है, जहां 31 हजार करोड़ रुपये का टर्नओवर और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से 2 लाख लोगों को रोजगार मिलता है।
विधायक कोठारी ने भीलवाड़ा को एलिवेटेड रोड, कोठारी रिवर फ्रंट, गांधी सागर तालाब सौंदर्यीकरण, महात्मा गांधी अस्पताल विकास, मेजा-मातृकुंडिया परियोजना, दिल्ली-मुंबई कॉरिडोर लॉजिस्टिक पार्क और आरयूबी जैसी सौगातों के लिए मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री का आभार व्यक्त किया।
साथ ही उन्होंने भीलवाड़ा को शिक्षा और चिकित्सा हब के रूप में विकसित करने की मांग रखते हुए माणिक्य लाल वर्मा राजकीय महाविद्यालय में एमबीए और बीसीए शुरू करने, टेक्सटाइल कॉलेज को डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा देने तथा मेडिसिटी हेतु आरक्षित भूमि पर सैटेलाइट अस्पताल स्थापित करने की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री जी से विशेष मांग रखते हुए भीलवाडा स्थित टेक्सटाइल पार्क को केंद्र सरकार के मेगा टेक्सटाइल पार्क में सम्मलित करने की मांग भी दोहराई।
अंत में विधायक कोठारी ने प्रदेश के लगभग 3 लाख संविदा कर्मियों के एजेंसी के द्वारा कम वेतन से हो रहे शोषण से मुक्ति हेतु नियमितीकरण की मांग उठाई और कहा कि अन्य राज्यों की तुलना में राजस्थान में संविदाकर्मियों का वेतन बहुत कम है। इस हेतु सरकार से संविदाकर्मियों को नियमित कर न्यायोचित वेतन देने की अपील की।
विधानसभा में अपने संबोधन में विधायक अशोक कोठारी ने कहा कि वर्तमान सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास की दिशा में उत्कृष्ट कार्य कर रही है और 2047 के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही
