बनकाखेड़ा में आस्था का ज्वार: यज्ञ लक्ष्मी और चारभुजानाथ के फेरे के साथ देवनारायण महायज्ञ की पूर्णाहुति
सवाईपुर (सांवर वैष्णव)। कस्बे के निकटवर्ती बनकाखेड़ा गांव में श्री मोचड़िया के मंड देवनारायण भगवान मंदिर प्रांगण में भक्ति और शक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। श्री बानोड़ा बालाजी के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय 'श्री राम कृष्ण कल्कि शक्ति महायज्ञ' का शनिवार को भव्य समापन हुआ। यज्ञ लक्ष्मी और चारभुजानाथ के मंगल फेरों के साथ इस धार्मिक अनुष्ठान की पूर्णाहुति हुई।
वैदिक मंत्रोच्चार और 1008 आहुतियां
महायज्ञ के पांचवें और अंतिम दिन स्वाति नक्षत्र में सुबह 7 बजे से ही पूजन अर्चन का दौर शुरू हुआ। बानोड़ा बालाजी के आचार्य एवं पंडितों के सान्निध्य में 23 जोड़ों ने हवन कुंडों में आहुतियां प्रदान कीं। इस दौरान भगवान श्री राम, शिवजी और षोडश मातृका सहित विभिन्न देवी-देवताओं के निमित्त 1008 आहुतियां दी गईं। श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर क्षेत्र और परिवार की सुख-समृद्धि की मंगल कामना की।
धूमधाम से संपन्न हुआ चारभुजानाथ का विवाह
महायज्ञ का मुख्य आकर्षण दोपहर 3:15 बजे हुआ, जब अश्व पूजा के बाद यज्ञ लक्ष्मी और चारभुजानाथ के फेरे करवाए गए। इस दौरान महिलाओं ने मंगल गीत गाए और श्रद्धालु झूमते-नाचते नजर आए। शाम 5:15 बजे महाआरती के साथ यज्ञ की पूर्णाहुति हुई, जिसके बाद विशाल महाप्रसादी का वितरण किया गया।
भजन संध्या और मेले में उमड़ा जनसैलाब
महायज्ञ के उपलक्ष्य में आयोजित भजन संध्या में दूर्गा मीणा और प्रेम शंकर एंड पार्टी ने भक्तिमयी प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। वहीं, गांव में लगे मेले में भी भारी रौनक रही। महिलाओं और युवतियों ने जमकर खरीदारी की, तो बच्चों ने डॉलर चकरी और झूलों का आनंद लिया। पूर्णाहुति के बाद आसपास के दर्जनों गांवों से आए श्रद्धालुओं ने यज्ञशाला की परिक्रमा की और पुजारियों को दक्षिणा देकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
