शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर अब दो पारियों में: कल से शाम को भी मिलेगा इलाज

Update: 2026-03-05 17:40 GMT

जयपुर/भीलवाड़ा। प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में रहने वाले आमजन के लिए राहत भरी खबर है। मोहल्ले और कॉलोनियों के नजदीक संचालित शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर (U-AAM) अब कल, 6 मार्च से दो समय (दो पारियों) में खुलेंगे। नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) ने प्रदेशभर के इन अस्पतालों की ओपीडी समय सारणी में बड़ा बदलाव करते हुए नए आदेश जारी कर दिए हैं। अब कामकाजी लोग और बीमार मरीज सुबह के साथ-साथ शाम को भी डॉक्टर को दिखा सकेंगे।

सीजन के अनुसार नया समय चक्र

NHM निदेशक (HSS) डॉ. सुशील कुमार परमार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, अब गर्मियों और सर्दियों के लिए अलग-अलग समय निर्धारित किया गया है:

गर्मी का सीजन (1 अप्रैल से 30 सितंबर): सुबह 8:00 से दोपहर 12:00 बजे तक और शाम 5:00 से 7:00 बजे तक।

सर्दी का सीजन (1 अक्टूबर से 31 मार्च): सुबह 9:00 से दोपहर 1:00 बजे तक और शाम 4:00 से 6:00 बजे तक।

रविवार एवं राजकीय अवकाश: दोनों सीजन में केवल एक पारी (सुबह 9:00 से 11:00 बजे तक) अस्पताल संचालित होंगे।

क्यों बदला गया समय?

अभी तक ये अस्पताल पीएचसी और सीएचसी की तर्ज पर केवल एक ही पारी (सुबह 8 से 2 या 9 से 3 बजे) में खुलते थे। इस कारण दोपहर बाद मरीजों को खांसी, जुकाम या बुखार जैसी छोटी बीमारियों के लिए भी बड़े अस्पतालों की इमरजेंसी में भागना पड़ता था। साथ ही, दिनभर काम-काज में व्यस्त रहने वाले लोग सुबह अस्पताल नहीं पहुँच पाते थे। अब शाम की ओपीडी शुरू होने से स्थानीय स्तर पर ही तुरंत उपचार मिल सकेगा और बड़े अस्पतालों पर मरीजों का दबाव कम होगा।

आमजन को घर के पास मिलेगी सुविधा

केंद्र सरकार द्वारा नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका क्षेत्रों में शुरू किए गए इन आरोग्य मंदिरों का मुख्य उद्देश्य मोहल्ला स्तर पर तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। कल से लागू होने वाले इस नए नियम के बाद, अब शहरी जनता को अपनी छोटी-मोटी बीमारियों के परामर्श के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।

Similar News