नर्सेज के हितों की आवाज: भीलवाड़ा में नर्सेज एसोसिएशन ने सीएमएचओ को सौंपा ज्ञापन, जॉब चार्ट के अतिरिक्त कार्यों पर जताई आपत्ति
भीलवाड़ा | राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन, जिला शाखा भीलवाड़ा ने जिले में कार्यरत नर्सेज अधिकारियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान के लिए शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन ने दो टूक शब्दों में कहा कि नर्सेज पर निर्धारित जॉब चार्ट से हटकर अतिरिक्त कार्यों का बोझ डाला जा रहा है, जिससे प्रत्यक्ष रोगी सेवा प्रभावित हो रही है।
भंडार कार्य से मुक्ति और फार्मासिस्टों को दायित्व की मांग
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष नारायण लाल माली ने बताया कि नियमानुसार औषधि भंडार का संचालन फार्मासिस्टों का कार्य है, लेकिन वर्तमान में नर्सेज को इस कार्य में लगाया जा रहा है। ज्ञापन में मांग की गई है कि नर्सेज को भंडार कार्य से तत्काल मुक्त कर यह जिम्मेदारी फार्मासिस्टों को सौंपी जाए, ताकि नर्सेज मुख्यमंत्री की जन-कल्याणकारी योजनाओं और चिकित्सा सेवाओं पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकें।
साप्ताहिक अवकाश पर विवाद खत्म करने की अपील
जिले के कई चिकित्सा संस्थानों में साप्ताहिक अवकाश (डे-ऑफ) को लेकर नर्सेज और संस्थान प्रभारियों के बीच अक्सर विरोधाभास की स्थिति बनी रहती है। एसोसिएशन ने मांग की है कि अन्य जिलों की तर्ज पर भीलवाड़ा में भी संपूर्ण कैलेंडर वर्ष के लिए साप्ताहिक अवकाश की समय-सारणी पहले ही जारी कर दी जाए, ताकि विवाद का स्थायी समाधान हो सके।
प्रतिनिधिमंडल ने की त्वरित कार्रवाई की मांग
ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के कार्यकारी जिलाध्यक्ष जयंत गोस्वामी, गोविंद सिंह राणावत, अनुराधा ओझा, बलवीर गुर्जर, प्रवीण बानो, ताराचंद बैरवा और कमल किशोर गोदा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि इन मांगों पर त्वरित संज्ञान लेकर आदेश जारी नहीं किए गए, तो संगठन आगामी रणनीति तय करेगा।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा। फोन: 7737741455
