शर्मनाक: प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही युवती से 4 साल तक देहशोषण, शादी का झांसा देकर करवाया गर्भपात

Update: 2026-04-04 15:20 GMT

श्रीगंगानगर। जिले के सूरतगढ़ से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही एक महत्वाकांक्षी युवती को शादी का झांसा देकर एक युवक ने पिछले चार वर्षों तक शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया। आरोपी ने न केवल युवती का देहशोषण किया, बल्कि आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल भी किया और गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात करवा दिया।

दोस्ती की आड़ में बुना दरिंदगी का जाल

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से रावतसर क्षेत्र की रहने वाली है और सूरतगढ़ में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। करीब चार साल पहले उसकी मुलाकात आरोपी युवक से हुई। दोस्ती बढ़ने पर एक दिन आरोपी ने जन्मदिन के बहाने युवती को अपने कमरे पर बुलाया और नशीली मिठाई खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। होश आने पर युवती को पता चला कि आरोपी ने इस पूरी घटना का आपत्तिजनक वीडियो बना लिया है।

वीडियो वायरल करने की धमकी और 4 साल तक शोषण

आरोपी ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर युवती को लगातार अपने जाल में फंसाए रखा। शादी का झूठा वादा कर वह पिछले चार सालों तक युवती को अलग-अलग होटलों और कमरों में ले जाकर उसका शोषण करता रहा। इस दौरान जब युवती गर्भवती हुई, तो आरोपी ने दवाइयां खिलाकर उसका जबरन गर्भपात करवा दिया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने न केवल उसका शारीरिक शोषण किया, बल्कि फोन-पे के जरिए पैसे ऐंठकर और सोने के जेवर हड़पकर उसका आर्थिक शोषण भी किया।

मामा सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

जब युवती ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी साफ मुकर गया और जान से मारने की धमकियां देने लगा। इस पूरी साजिश में आरोपी का मामा और एक अन्य साथी भी शामिल बताया जा रहा है, जो पीड़िता को डराने-धमकाने का काम करते थे। मानसिक यातनाओं से तंग आकर आखिरकार युवती ने हिम्मत जुटाई और शुक्रवार देर शाम सूरतगढ़ सिटी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस जांच में जुटी

सूरतगढ़ सिटी थाना पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर मुख्य आरोपी, उसके मामा और एक अन्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसआई नगेन्द्र सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455

Similar News