खौफनाक 72 घंटे: चित्तौड़गढ़ में बुजुर्ग दंपती को किया 'डिजिटल अरेस्ट', पुलवामा हमले का डर दिखाकर 15 लाख की ठगी की कोशिश
चित्तौड़गढ़ । राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में साइबर ठगों ने दुस्साहस दिखाते हुए एक बुजुर्ग दंपती को उनके ही घर में 72 घंटे तक 'डिजिटल अरेस्ट' करके रखा। ठगों ने दंपती को पुलवामा हमले और 3 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन के फर्जी मामले में फंसाने की धमकी देकर बुरी तरह डरा दिया। हालांकि, ऐन वक्त पर सूझबूझ काम आई और 15 लाख रुपये की एफडी (FD) टूटने से बच गई।
पुलवामा अटैक और 3 करोड़ का डर दिखाया
पीड़ित बुजुर्ग महिला ने साइबर थाने में दी शिकायत में बताया कि शनिवार को उनके पास एक अनजान कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताया और दावा किया कि पुलवामा मामले में उनके नाम का इस्तेमाल हुआ है। ठगों ने डराया कि उनके नाम से जारी केनरा बैंक के डेबिट कार्ड और सिम से करोड़ों का फ्रॉड हुआ है। इसके बाद कॉल को फर्जी 'पुणे पुलिस' को फॉरवर्ड कर दिया गया, जहां से ठगों ने दंपती पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाना शुरू किया।
घर में ही 'कैदी' बना दिया, वीडियो कॉल पर रखी नजर
ठगों ने दंपती को इतना डरा दिया कि वे 3 दिन तक अपने ही घर में कैद रहे। ठगों ने उन्हें 72 घंटे तक लगातार वीडियो कॉल पर रखा और आदेश दिया कि फोन को टेबल पर ही रखना होगा। खाना-पीना और बैठना सब फोन के सामने ही करना पड़ा ताकि ठग उन पर नजर रख सकें। ठगों ने धमकी दी कि यदि उन्होंने फोन हटाया या किसी को जानकारी दी, तो उन्हें तुरंत जेल भेज दिया जाएगा।
15 लाख की एफडी तुड़वाकर ट्रांसफर करने ही वाले थे कि...
लगातार दबाव के बीच ठगों ने दंपती को बैंक जाकर 15 लाख रुपये की एफडी तुड़वाने और उसे आरटीजीएस (RTGS) के जरिए एक अज्ञात खाते में ट्रांसफर करने को मजबूर कर दिया। जैसे ही दंपती बैंक पहुंचे और पैसे भेजने की प्रक्रिया शुरू की, उन्हें शक हुआ कि पुलिस आखिर किसी निजी खाते में पैसा क्यों मंगवा रही है? तुरंत उन्होंने दूसरे फोन से अपनी बेटी को कॉल किया। बेटी ने मामला समझते ही तुरंत नंबर ब्लॉक करने और पुलिस को सूचना देने को कहा।
चित्तौड़गढ़ साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर ठगों के गिरोह की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कोई भी जांच एजेंसी वीडियो कॉल के जरिए इस तरह 'डिजिटल अरेस्ट' नहीं करती है। ऐसे किसी भी कॉल आने पर तुरंत नजदीकी थाने या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
