श्रीगंगानगर: भारत-पाक सीमा पर बीएसएफ की बड़ी कार्रवाई, 20 करोड़ की हेरोइन बरामद

Update: 2026-03-09 05:53 GMT


श्रीगंगानगर। सीमावर्ती जिले श्रीगंगानगर में पाकिस्तानी तस्करों की एक और नापाक साजिश को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने नाकाम कर दिया है। कल देर रात समेजा कोठी थाना क्षेत्र के चक 43-44 पीएस में ड्रोन के जरिए गिराई गई भारी मात्रा में अवैध हेरोइन की खेप बरामद की गई है। इस कार्रवाई में पंजाब के एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जिसके कब्जे से लगभग 4 किलो शुद्ध हेरोइन मिली है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत करीब 20 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

किसान की सतर्कता से दबोचा गया तस्कर

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पंजाब से आए 3-4 तस्कर सरसों के खेत में ड्रोन द्वारा गिराए गए पैकेट उठाने पहुंचे थे। इसी दौरान एक स्थानीय किसान ने उनकी संदिग्ध गतिविधियों को देख लिया और तुरंत चक 41-पीएस स्थित बीएसएफ पोस्ट को सूचना दी। बीएसएफ जवानों ने त्वरित घेराबंदी कर एक आरोपी को 8 पैकेट हेरोइन के साथ दबोच लिया, जबकि उसके अन्य साथी गाड़ी लेकर फरार होने में कामयाब रहे।

समन्वय में देरी का फायदा उठा भागे साथी

घटनाक्रम में एक चौंकाने वाला पहलू यह सामने आया कि बीएसएफ ने स्थानीय पुलिस को इस कार्रवाई की सूचना करीब 4 घंटे देरी से दी। इस अंतराल का लाभ उठाकर फरार तस्कर इलाके से दूर निकल गए। हालांकि, बाद में पुलिस, बीएसएफ और गुप्तचर एजेंसियों ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन और नाकाबंदी की, लेकिन अन्य आरोपियों का सुराग नहीं लग पाया। पकड़े गए आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि तस्करी के इस नेटवर्क का भंडाफोड़ किया जा सके।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455


Similar News