जोधपुर। जोधपुर केंद्रीय कारागृह के जेलर हड़वंत सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। नई आमद के बंदियों को नियमों और वरीयता को दरकिनार कर अन्य वार्डों में भेजने के गंभीर आरोपों के बाद यह कड़ी कार्रवाई की गई है।
नियमों के उल्लंघन का लगा आरोप
महानिदेशालय कारागार, राजस्थान (जयपुर) द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, कारापाल हड़वंत सिंह के विरुद्ध विभागीय जांच प्रस्तावित है। उन पर आरोप है कि उन्होंने जेल में आने वाले नए बंदियों को निर्धारित नियमों के विपरीत दूसरे वार्डों में स्थानांतरित किया। राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1958 के नियम-13 के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए उन्हें निलंबित किया गया है।
भरतपुर रहेगा मुख्यालय
अतिरिक्त महानिदेशक कारागार पी. राजजी द्वारा जारी इस आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन की अवधि के दौरान हड़वंत सिंह का मुख्यालय केंद्रीय कारागृह, भरतपुर रहेगा। निलंबन काल के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। विभाग अब इस मामले की गहराई से जांच कर रहा है कि किन परिस्थितियों और उद्देश्यों के चलते बंदियों के वार्ड बदले गए।