CBSE बोर्ड परीक्षा और होलिका दहन एक ही दिन : राजस्थान के 10 लाख छात्र असमंजस में, तारीख बदलने की मांग

Update: 2026-02-04 08:46 GMT

जोधपुर। साल 2026 की सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं का शेड्यूल राजस्थान में होली पर्व के साथ टकरा गया है, जिससे लाखों छात्रों और उनके परिवारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। विवाद का मुख्य कारण 2 मार्च 2026 को होने वाली परीक्षा है, जो राजस्थान में होलिका दहन के दिन पड़ रही है। 10वीं कक्षा में इसी दिन 'हिंदी' का महत्वपूर्ण पेपर और 12वीं में 'संस्कृत' सहित अन्य क्षेत्रीय भाषाओं की परीक्षा निर्धारित की गई है।

राजस्थान में 2 मार्च को होलिका दहन और 3 मार्च को धुलंडी मनाई जाएगी, जबकि केंद्र सरकार और सीबीएसई कैलेंडर में 3 और 4 मार्च को होली की छुट्टियां घोषित की गई हैं। इस कारण बोर्ड ने 2 मार्च को परीक्षा रखी है।

अभिभावक संगठनों और शिक्षक संघों का कहना है कि होलिका दहन का धार्मिक और सामाजिक महत्व बहुत अधिक है। इस दिन सार्वजनिक परिवहन में भीड़ होने और त्यौहार की तैयारियों के कारण छात्रों के लिए परीक्षा केंद्र तक पहुंचना और ध्यान केंद्रित करना चुनौतीपूर्ण होगा। शिक्षकों को भी परीक्षा ड्यूटी के कारण परिवार के साथ त्यौहार नहीं मनाने का दबाव रहेगा।

सीबीएसई ने हाल ही में 3 मार्च की कुछ परीक्षाओं को रीशेड्यूल किया है, लेकिन 2 मार्च की परीक्षा को लेकर कोई बदलाव नहीं किया गया है। राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ और संयुक्त अभिभावक संघ ने बोर्ड से अनुरोध किया है कि राजस्थान की परंपराओं को ध्यान में रखते हुए 2 मार्च की परीक्षा को आगे बढ़ाया जाए।

Similar News