बूंदी के अलोद में होली जुलूस पर काला रंग फेंकने से तनाव, पुलिस तैनात

Update: 2026-03-04 12:05 GMT


बूंदी। जिले के अलोद गांव में होली जुलूस के दौरान एक धार्मिक स्थल पर जानबूझकर काला रंग फेंकने के आरोप के बाद तनाव व्याप्त हो गया। घटना के बाद दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए, जिससे इलाके में अशांति फैल गई। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 12 बजे हुई जब गांव में होली का जुलूस निकाला जा रहा था। दूसरे पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ शरारती तत्वों ने उनके धार्मिक स्थल पर जानबूझकर काला रंग फेंका, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।

तनाव की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से समझाइश कर शांत कराया। एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया है। पुलिस असामाजिक तत्वों की पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दे रही है।

प्रशासन ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। गौरतलब है कि अलोद गांव में पहले भी सांप्रदायिक विवाद हो चुके हैं, जिससे प्रशासन अलर्ट पर है।

Similar News

ईरान जंग: मुजतबा खामेनेई बने नए सुप्रीम लीडर,: अमेरिका-इजराइल के हमलों से ईरान में भारी तबाही