भीलवाड़ा हलचल। जिले के आसींद क्षेत्र में बदनौर नेशनल हाईवे 158 पर बुधवार शाम एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। मावला चौराहे के पास एक अनियंत्रित बोलेरो ने टेंपो को टक्कर मार दी, जिससे टेंपो बेकाबू होकर आगे चल रही बाइक पर जा गिरा। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की टेंपो के नीचे दबने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
बदनौर से गांव लौट रहे थे मृतक
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान कर्मा का बाडिया निवासी प्रवीण रावत (37) पुत्र कमल सिंह रावत और छोटू रावत (33) पुत्र भेरू सिंह रावत के रूप में हुई है। दोनों युवक बदनौर से अपने गांव कर्मा का बाडिया लौट रहे थे, तभी काल बनकर आई बोलेरो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
लापरवाही ने ली दो जान
मृतक छोटू सिंह के भाई नंद सिंह ने बदनौर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, नेशनल हाईवे 158 पर हर्निया मंगरी श्मशान घाट के सामने बोलेरो चालक ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए टेंपो को टक्कर मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो उछलकर आगे चल रही बाइक पर पलट गया, जिससे दोनों युवक उसके नीचे दब गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही बदनौर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर हाईवे पर यातायात सुचारू करवाया। पुलिस ने दोनों शवों को बदनौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया। परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार बोलेरो चालक की तलाश और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
