बम से उड़ा दिया जाएगा ईमेल से मिली धमकी के बाद दिल्ली हाईकोर्ट खाली कराया गया

Update: 2025-09-12 09:35 GMT

 

दिल्ली। शुक्रवार सुबह दिल्ली हाईकोर्ट में उस समय हड़कंप मच गया, जब रजिस्ट्रार जनरल अरुण भारद्वाज को बम धमाके की धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। ईमेल में लिखा गया कि दोपहर 2 बजे तक कोर्ट परिसर में बम विस्फोट किया जाएगा। इसमें पाकिस्तान और तमिलनाडु का भी जिक्र किया गया है। धमकी का मेल सुबह 10:41 बजे मिलने के तुरंत बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं।

कोर्ट परिसर को तत्काल खाली करा दिया गया और सभी न्यायाधीशों, वकीलों व कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कई अदालतों की कार्यवाही बीच में ही रोकनी पड़ी। न्यायाधीशों को सुरक्षा घेरे में बाहर ले जाया गया।

पुलिस ने पूरे हाईकोर्ट परिसर को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया और बम निरोधक दस्ते को तैनात किया गया। अधिकारियों के अनुसार, हालात को देखते हुए हाईकोर्ट को हाई अलर्ट पर रखा गया है और हर एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। जांच एजेंसियां ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुट गई हैं।

Similar News