चलती सीएनजी कार बनी आग का गोला: नई नवेली दुल्हन समेत छह लोगों ने कूदकर बचाई जान, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
मध्य प्रदेश के शहडोल शहर में उस वक्त अफरा तफरी मच गई जब सड़क पर दौड़ रही एक सीएनजी अर्टिगा कार अचानक आग के गोले में तब्दील हो गई। यह सनसनीखेज हादसा चौपाटी के समीप सरावगी पेट्रोल पंप के पास हुआ। आग की लपटें उठते ही सड़क पर चीख पुकार मच गई। कार में सवार लोग जान बचाने के लिए चलते वाहन से कूद पड़े। गनीमत रही कि चालक की सूझबूझ और समय पर लिए गए फैसले से सभी की जान बच गई।
नई बहू को मायके से ला रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय की पुरानी बस्ती निवासी रामजी गुप्ता के बेटे की तीन महीने पहले देवसर में शादी हुई थी। शादी के बाद पहली बार बहू की विदाई कराकर परिवार उसे मायके से ससुराल लेकर लौट रहा था। इसके लिए ससुराल पक्ष ने शहडोल की विराट कैब से सीएनजी अर्टिगा कार किराए पर ली थी। वाहन में ड्राइवर सहित कुल छह लोग सवार थे जिनमें नई नवेली दुल्हन भी मौजूद थी।
चलती कार में शॉर्ट सर्किट से भड़की आग
जैसे ही कार शहडोल चौपाटी के पास सरावगी पेट्रोल पंप के करीब पहुंची, तभी अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और इंजन हिस्से से धुआं उठने लगा। कुछ ही पलों में आग भड़क उठी और देखते ही देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया। कार में बैठे लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही लपटें फैलने लगीं। चालक ने तुरंत वाहन रोककर सभी को बाहर निकलने को कहा, जिसके बाद सवार लोग जान बचाने के लिए कूदते हुए बाहर आए।
सड़क पर मचा हड़कंप, लोग सहमे
आग लगते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई और सड़क पर यातायात प्रभावित हो गया। पेट्रोल पंप के पास घटना होने से हालात और भी गंभीर हो गए थे। आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए और सुरक्षित दूरी बनाने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग को भी अवगत कराया गया, जिनके पहुंचने तक कार पूरी तरह आग की चपेट में आ चुकी थी।