लखनऊ से दुबई जा रही फ्लाइट में तकनीकी गड़बड़ी: पायलट की सतर्कता से टला बड़ा खतरा, दो घंटे से ज्यादा देरी से रवाना हुआ विमान

Update: 2026-02-09 08:02 GMT

 लखनऊ चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दुबई के लिए उड़ान भरने जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में  उस वक्त हड़कंप मच गया, जब टेकऑफ से पहले तकनीकी खामी सामने आ गई। अचानक आई खराबी के कारण विमान को रनवे की ओर बढ़ने से पहले ही रोक दिया गया। हालांकि पायलट की सूझबूझ और त्वरित फैसले से किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई। तकनीकी जांच और जरूरी सुधार के बाद विमान को सवा दो घंटे से अधिक की देरी से दुबई के लिए रवाना किया गया। विमान में कुल 172 यात्री सवार थे, जिन्हें बाद में सुरक्षित यात्रा कराई गई।

टेकऑफ से पहले पकड़ी गई तकनीकी गड़बड़ी

प्राप्त जानकारी के अनुसार उड़ान संख्या IX 197 को शाम 5 बजकर 45 मिनट पर लखनऊ से दुबई के लिए रवाना होना था। बोर्डिंग प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी और सभी यात्री अपनी सीटों पर बैठ चुके थे। विमान जैसे ही टेकऑफ की तैयारी में था, तभी कॉकपिट में मौजूद पायलट को तकनीकी सिस्टम में असामान्य संकेत दिखाई दिए। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना दी और सुरक्षा नियमों के तहत विमान को आगे बढ़ने से रोक दिया गया।

इंजीनियरिंग टीम ने की गहन जांच

संभावित खतरे को देखते हुए विमान को पार्किंग बे पर वापस लाया गया, जहां एयरलाइन की इंजीनियरिंग टीम ने तकनीकी सिस्टम की विस्तृत जांच शुरू की। यात्रियों को इस दौरान विमान के भीतर ही बैठाए रखा गया, जिससे उन्हें काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। एयरपोर्ट पर मौजूद स्टाफ यात्रियों को लगातार स्थिति की जानकारी देता रहा।

सुरक्षा मानकों के बाद मिली उड़ान की अनुमति

एयरलाइन सूत्रों के मुताबिक विमान के एक सिस्टम में खराबी के संकेत मिले थे। हालांकि यह समस्या गंभीर नहीं थी, लेकिन एविएशन सुरक्षा मानकों के तहत हर पहलू की जांच जरूरी होती है। इंजीनियरों ने मरम्मत और आवश्यक परीक्षण करने के बाद विमान को उड़ान के लिए सुरक्षित घोषित किया। करीब दो घंटे से ज्यादा समय तक चली प्रक्रिया के बाद विमान ने दुबई के लिए उड़ान भरी।

Similar News