लोकसभा में गतिरोध के बीच राहुल गांधी ने स्पीकर ओम बिरला से की मुलाकात, बातचीत के मायने

Update: 2026-02-09 17:30 GMT

नई दिल्ली : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कुछ अन्य विपक्षी नेताओं के साथ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाक़ात की और उन्हें उन मुद्दों से अवगत कराया जिन्हें वे सदन में उठाना चाहते हैं। यह बैठक कुछ ही मिनट चली। यह उस समय हुई जब लोकसभा में बजट पर चर्चा से पहले राहुल गांधी को अन्य विषय पर आसन से बोलने की अनुमति नहीं मिलने के बीच कांग्रेस सदस्यों के हंगामे के कारण सदन की बैठक दो बार के स्थगन के बाद दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।

लोकसभा स्पीकर से क्या बोले राहुल गांधी?

सूत्रों के मुताबिक गांधी ने अध्यक्ष से कहा कि वह आठ कांग्रेस सांसदों के निलंबन का मुद्दा और संसद से जुड़े अन्य विषयों को उठाना चाहते हैं, जिनमें महिला सांसदों के ख़िलाफ़ लगाए गए आरोप भी शामिल हैं। बिरला ने बीते बृहस्पतिवार को कहा था कि इससे एक दिन पहले कांग्रेस के कई सदस्य सदन के नेता (प्रधानमंत्री) की सीट के पास पहुंचकर किसी अप्रत्याशित घटना को अंजाम देना चाहते थे, इसलिए उनके अनुरोध पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सदन में नहीं आए।

राहुल गांधी के साथ अध्यक्ष से मुलाक़ात के दौरान तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी, द्रमुक नेता टी. आर. बालू और समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव भी मौजूद थे। विपक्षी नेताओं ने गतिरोध खत्म करने के लिए लोकसभा के आठ विपक्षी सांसदों के निलंबन को रद्द करने का आग्रह अध्यक्ष से किया।

राहुल को बोलने की नहीं मिली थी अनुमति

बीते दो फरवरी को, राहुल गांधी को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण से जुड़ा विषय उठाने की अनुमति नहीं मिलने, इसके बाद सदन की अवमानना के मामले में आठ विपक्षी सांसदों को निलंबित किए जाने तथा अन्य मुद्दों पर सदन में गतिरोध की स्थिति बनी हुई है। विपक्ष का आरोप है कि लोकसभा में विपक्षी नेताओं को बोलने नहीं दिया जा रहा है, जबकि सत्तापक्ष के लोगों को कुछ भी बोलने की छूट दी गई है।

Similar News

लखनऊ से दुबई जा रही फ्लाइट में तकनीकी गड़बड़ी: पायलट की सतर्कता से टला बड़ा खतरा, दो घंटे से ज्यादा देरी से रवाना हुआ विमान