सिवान में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ दो शातिर लुटेरों के पैर में लगी गोली
सिवान/पंकज। बिहार के सिवान जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बसंतपुर थाना क्षेत्र के लहेजी गांव के पास बीती रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई सीधी मुठभेड़ में दो कुख्यात अपराधी घायल हो गए हैं। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
एसडीपीओ अमन ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष राजू कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने लहेजी के पास घेराबंदी कर जांच शुरू की, तभी बदमाशों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोलियां लगीं और वे पकड़े गए।
हैदराबाद और कई आभूषण लूटकांड में थे शामिल
पकड़े गए बदमाशों की पहचान बड़हरिया थाना क्षेत्र के सदरपुर निवासी रोहित शर्मा और जीबी नगर थाना क्षेत्र के रोहित कुमार उर्फ रिशु के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि रोहित शर्मा कई बड़े लूट के मामलों में मुख्य आरोपी रहा है। ये दोनों हाल ही में बसंतपुर थाने के पास स्थित एक ज्वेलरी शॉप में हुई लूट की वारदात में भी शामिल थे।
इन प्रमुख मामलों में थी पुलिस को तलाश:
हैदराबाद ज्वेलरी लूटकांड
दारौंदा थाना अंतर्गत बगौरा ज्वेलरी लूटकांड
खोरी पाकड़ ज्वेलरी लूटकांड
बसंतपुर ज्वेलरी लूटकांड
एसपी ने दी जानकारी
सिवान एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि इन पर अन्य किन-किन थानों में मामले दर्ज हैं। पुलिस इसे एक बड़ी कामयाबी मान रही है क्योंकि इन बदमाशों की गिरफ्तारी से ज्वेलरी लूट के कई मामलों का खुलासा होने की उम्मीद है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
