दुल्हन लेकर लौट रही बारातियों की कार ट्रक में घुसी, 4 युवकों की दर्दनाक मौत; 8 घायल
इन्दौर। मध्य प्रदेश के इन्दौर में रविवार देर रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा हो गया। देवगुराड़िया स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास दुल्हन लेकर लौट रही बारातियों से भरी क्वालिस कार (MP35-D-0363) आगे चल रहे भूसे से भरे आयशर ट्रक (MP41-GA-0949) में पीछे से जा घुसी। इस भीषण टक्कर में 4 युवकों की जान चली गई, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक बना काल
परिजनों और चश्मदीदों के मुताबिक, शादी समारोह के बाद बाराती खुशी-खुशी लौट रहे थे। ट्रक ड्राइवर तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास ट्रक ने एक अन्य गाड़ी को ओवरटेक किया और अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। पीछे चल रही कार का ड्राइवर खुद को संभाल नहीं पाया और गाड़ी सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में समा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और लोहे के ढेर में तब्दील हो गई।
मौके पर मची चीख-पुकार, 3 ने मौके पर तोड़ा दम
हादसे के बाद घटनास्थल पर कोहराम मच गया। पुलिस के अनुसार, इरफान (24), आरिस (20) और फरहान (19) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अरफाद (23) ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार की बॉडी काटकर बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
गुस्साए लोगों ने किया चक्काजाम, तनाव की स्थिति
हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और सड़क पर चक्काजाम कर दिया। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी वाहन में आग लगाने की भी कोशिश की, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
