यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: नोएडा से बिहार जा रही बस पलटी, 40 यात्री घायल, चालक की लापरवाही आई सामने

Update: 2026-04-12 18:47 GMT


मथुरा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां नोएडा से बिहार जा रही एक डबल डेकर स्लीपर कोच बस अनियंत्रित होकर पलट गई। नौहझील क्षेत्र के माइल स्टोन 76 के पास हुए इस हादसे में बस सवार 70 यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में करीब 40 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से 10 की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।

ग्रामीणों ने शीशे तोड़कर बचाई जान

हादसा शाम करीब 7:30 बजे हुआ। बस पलटते ही एक्सप्रेस-वे पर यातायात पूरी तरह थम गया। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर बस के शीशे तोड़े और अंदर फंसे महिला-बच्चों और अन्य यात्रियों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। मौके पर आधा दर्जन एंबुलेंस और कई थानों की पुलिस ने पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।

शराब के नशे में था चालक!

बस में सवार यात्रियों का आरोप है कि चालक शराब के नशे में धुत था और ड्राइविंग के दौरान भी बोतल में शराब भरकर पी रहा था। इसी लापरवाही के कारण तेज रफ्तार बस पर से नियंत्रण खो गया और वह सड़क के बीचों-बीच पलट गई। हादसे के बाद चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।

एक घंटे तक बाधित रहा यातायात

हादसे की वजह से एक्सप्रेस-वे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटवाया, जिसके बाद करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात फिर से सुचारू हो सका। थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही का परिणाम लग रहा है, मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455

Similar News