गांधीनगर संसदीय क्षेत्र में छह अस्पतालों के निर्माण का एलान, शाह बोले- लोगों को मिलेगी किफायती सेवा

By :  vijay
Update: 2025-03-13 11:30 GMT
गांधीनगर संसदीय क्षेत्र में छह अस्पतालों के निर्माण का एलान, शाह बोले- लोगों को मिलेगी किफायती सेवा
  • whatsapp icon

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि गुजरात के गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में छह नए अस्पताल बनाए जा रहे हैं, जो स्थानीय निवासियों को उनके घरों के पास किफायती स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद के नजदीक साणंद कस्बे में 500 बिस्तरों वाला अस्पताल बनाया जा रहा है, जबकि एक अस्पताल गांधीनगर के कलोल कस्बे और एक उनकी निर्वाचन क्षेत्र की सीमा पर बनाए जा रहे हैं। शाह ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में कई परियोजनाओं का शुभारंभ करने के बाद डिजिटल माध्यम से एक सभा को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी।

शाह ने वीडियो लिंक के जरिए साणंद-कडी रोड पर नवनिर्मित रेलवे ओवरब्रिज का भी शुभारंभ किया। इसके अलावा, उन्होंने अहमदाबाद को गांधीनगर से जोड़ने वाले सरखेज-गांधीनगर राजमार्ग पर बने दो फ्लाईओवर का भी शिलान्यास किया।

आम नागरिकों को भी मिलेगा साणंद के अस्पताल का लाभ

अहमदाबाद जिले के कई हिस्से गांधीनगर सीट का हिस्सा हैं, जिनमें साणंद और बावला तालुका भी शामिल हैं। शाह ने अपने संबोधन में कहा, केंद्र सरकार ने साणंद में 500 बिस्तरों वाले अस्पताल को मंजूरी दी है। यह अस्पताल पहले केवल आसपास के इलाकों के फैक्टरी श्रमिकों के लिए ही था, लेकिन हमारी सरकार ने इसका लाभ साणंद और बावला तालुका में रहने वाले प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने का फैसला किया।

उन्होंने कहा कि गांधीनगर निर्वाचन क्षेत्र की सीमा पर बनने वाला नया नागरिक अस्पताल अहमदाबाद शहर के मौजूदा सिविल अस्पताल जितना ही बड़ा होगा। इसके अलावा, गांधीनगर के कलोल कस्बे में 300 बिस्तरों वाला एक सरकारी अस्पताल भी बन रहा है।

कलोल में बनेगा 500 बिस्तरों का अस्पताल

उन्होंने कहा, कलोल में जल्द ही 500 बिस्तरों वाला एक निजी अस्पताल भी बनेगा। इसके अलावा, बावला व गांधीनगर में दो ट्रस्ट भी अस्पताल बना रहे हैं। एक बार ये अस्पताल चालू हो जाएं, तो इस निर्वाचन क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए अहमदाबाद नहीं जाना पड़ेगा, क्योंकि उन्हें अपने घरों से 20 किलीमीटर के भीतर ही किफायती स्वास्थ्य सेवा मिल जाएगी।

Similar News