भाजपा का हमला: "खाद्य सुरक्षा पर ममता सरकार के दावे गरीबों के साथ क्रूर मजाक

By :  vijay
Update: 2025-09-01 18:28 GMT

नई दिल्ली पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के राज्य में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के दावे पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने कहा कि यह गरीबों के साथ क्रूर मजाक है और राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस-5) के आंकड़े ममता सरकार के दावों को पूरी तरह गलत साबित करते हैं। भाजपा आईटी सेल के प्रमुख और पश्चिम बंगाल के सह-प्रभारी अमित मालवीय ने सोमवार को कहा कि सर्वे के मुताबिक बंगाल के 6 से 59 महीने की आयु वाले 69 प्रतिशत बच्चे एनीमिया से पीड़ित हैं, जबकि चौथे सर्वेक्षण में यह आंकड़ा 54 प्रतिशत था। इसी तरह, 71 प्रतिशत महिलाएं और 39 प्रतिशत पुरुष भी एनीमिया से प्रभावित पाए गए।

अमित मालवीय ने सीएम ममता पर साधा निशाना

अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'ममता बनर्जी का फूड सिक्योरिटी भाषण गरीबों के साथ क्रूर मजाक है। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वे-5 ने उनके सारे बड़े-बड़े दावों की पोल खोल दी है।' उन्होंने बताया कि राज्य के कई जिलों में बच्चों में कुपोषण और ऊंचाई के मुकाबले कम वजन की समस्या बढ़ी है। इस मामले में कोलकाता में 11.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी, दार्जिलिंग में 9.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी, दक्षिण दिनाजपुर में 5.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी और हावड़ा में 6.7 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई हैं।

ममता सरकार की अन्य योजनाओं पर भी सवाल

भाजपा नेता ने ममता की 'खाद्यसाथी' और 'दुआरे राशन' योजनाओं को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं असल में लोगों के लिए नहीं, बल्कि उनके भतीजे और तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के लिए दावत बन गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया, 'ममता केवल अपने भ्रष्ट सहयोगियों की भूख मिटा रही हैं, आम जनता की नहीं।'

ममता सरकार लोगों को भूखा रख रही है- मालवीय

बता दें कि ममता बनर्जी ने हाल ही में एक्स पर लिखा था कि उनकी सरकार ने राज्य में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की है और कई कल्याणकारी योजनाओं के तहत लोगों के घर-घर राशन और खाद्यान्न पहुंचाए जा रहे हैं।

Tags:    

Similar News