दिल्ली मुख्यालय में भाजपा का विजय उत्सव प्रधानमंत्री बोले बिहार ने गर्दा उड़ा दिया अब कट्टा सरकार नहीं लौटेगी
बिहार विधानसभा चुनाव में NDA की ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा ने शुक्रवार को दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में जश्न मनाया। शाम 6 बजकर 51 मिनट पर पहुंचे प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए 42 मिनट का संबोधन दिया। मंच तक पहुंचने तक वे लगातार गमछा लहराकर अभिवादन करते रहे और कार्यकर्ताओं ने भी उसी जोश में जवाब दिया।
पीएम ने मंच से कहा कि बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया है और अब कट्टा सरकार कभी वापस नहीं आएगी। भाषण की शुरुआत छठी मईया के जयकारों से हुई। उन्होंने कहा कि जो लोग छठ जैसे पर्व को ड्रामा कह सकते हैं, वे बिहार का सम्मान क्या करेंगे।
पीएम का यह संबोधन न सिर्फ बिहार बल्कि देश के कई राज्यों की राजनीति को भी छूता रहा। उन्होंने कांग्रेस, आरजेडी, बंगाल, केरल और तमिलनाडु चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि बंगाल में भी भाजपा सरकार बनाने की राह पर है। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी अब मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस बन गई है और इसका एक और बड़ा विभाजन जल्द देखने को मिल सकता है।
बिहार में NDA को 243 में से 202 सीटों पर शानदार जीत मिली है, जबकि महागठबंधन महज 35 सीटों पर सिमट गया। सरकार बनाने के लिए जरूरी 122 सीटों की तुलना में यह जीत रिकॉर्ड कही जा रही है। भाजपा और जदयू ने समान रूप से 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ा, जबकि लोजपा को 29 तथा हम और आरएलएम को 6-6 सीटें दी गई थीं।
मोदी के भाषण की प्रमुख बातें
बंगाल में भाजपा की राह बिहार ने खोली
पीएम ने कहा कि बिहार से बहकर गंगा बंगाल पहुंचती है और इस चुनाव ने उसी तरह बंगाल में भाजपा की जीत का रास्ता साफ किया है। उन्होंने कहा कि बंगाल के लोग भाजपा के साथ मिलकर जंगलराज को उखाड़ फेंकेंगे।
कांग्रेस में बड़े टूट की आशंका
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अब एक नए रूप में बदल गई है और इसके भीतर नामदारों के खिलाफ बड़ी नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी में एक और बड़े विभाजन का समय निकट है।
बिहार में रोजगार और उद्योग की रफ्तार तेज होगी
पीएम ने कहा कि आने वाले पांच सालों में बिहार तेज विकास के दौर में प्रवेश करेगा। नए उद्योग लगेंगे, नौजवानों को अपने ही राज्य में रोजगार मिलेगा और पर्यटन व धार्मिक स्थलों का विस्तार होगा। उन्होंने देश और विदेश के निवेशकों को बिहार में निवेश करने का निमंत्रण दिया।
सहयोगियों के वोट बैंक पर कांग्रेस की नजर
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने सहयोगियों के वोट बैंक को निगलकर आगे बढ़ने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि बिहार में आरजेडी को सांप सूंघ गया है और दोनों दलों के बीच तनातनी जल्द खुलकर सामने आएगी।
