121 सीटों पर 6 नवंबर को मतदान: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार थमा
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान के लिए आज शाम प्रचार का शोर थम गया है। अब सभी राजनीतिक दलों के प्रत्याशी जनसंपर्क और डोर-टू-डोर प्रचार में जुट गए हैं। पहले चरण में राज्य की 121 विधानसभा सीटों पर 6 नवंबर को मतदान होगा, जिसके लिए कुल 1314 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 1192 पुरुष, 122 महिला और 758 तीसरे जेंडर के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।पहले चरण में जिन दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है, उनमें उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के साथ 15 मंत्री शामिल हैं। इनमें विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, मंगल पांडे, मदन सहनी, नितिन नवीन, महेश्वर हजारी, सुनील कुमार, रत्नेश सदा, केदार प्रसाद गुप्ता, सुरेंद्र मेहता, संजय सरावगी और डॉ. सुनील कुमार जैसे नाम प्रमुख हैं। वहीं, विधानसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव और पूर्व मंत्री रामकृपाल यादव, श्याम रजक, अनंत सिंह, अमरेन्द्र पांडे, उमेश कुशवाहा और श्रेयसी सिंह जैसी चर्चित हस्तियां भी चुनाव मैदान में हैं।
महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के दावेदार तेजस्वी यादव समेत अवध बिहारी चौधरी, रामानंद यादव, वीणा देवी, ललित यादव, रेणु कुशवाहा, खेसारी लाल यादव, भाई वीरेंद्र, आलोक मेहता, अवधेश राय और अनिरुद्ध यादव जैसे उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
पहले चरण में कुल 3 करोड़ 75 लाख से अधिक मतदाता 45341 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1 करोड़ 98 लाख 35 हजार पुरुष और 1 करोड़ 76 लाख 77 हजार महिलाएं शामिल हैं। सबसे अधिक 20 उम्मीदवार कुढ़नी और मुजफ्फरपुर सीटों पर हैं, जबकि भोरे, अलौली और परबत्ता सीटों पर केवल पांच उम्मीदवार मैदान में हैं।
प्रचार अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, योगी आदित्यनाथ, मोहन यादव और कई अन्य दिग्गज नेताओं ने एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में सभाएं कीं। प्रधानमंत्री मोदी ने पटना में रोड शो भी किया।
महागठबंधन की ओर से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, तेजस्वी यादव, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी और भाकपा-माले महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने प्रचार की कमान संभाली। वहीं, राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने दानापुर में रोड शो किया और जनसुराज के प्रशांत किशोर ने भी कई जिलों में अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया।
पहले चरण में एनडीए की ओर से जेडीयू के 57, भाजपा के 48, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के 13 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के दो उम्मीदवार मैदान में हैं। महागठबंधन से राजद के 71, कांग्रेस के 24, भाकपा-माले के 14, भाकपा के पांच, माकपा और इंडियन इंक्लूसिव पार्टी के तीन-तीन उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। जनसुराज पार्टी ने 118 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है।राज्य में मतदान 6 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा, जबकि सुरक्षा कारणों से सिमरी बख्तियारपुर, महिषी और सूर्यगढ़ा की 56 मतदान केंद्रों पर मतदान शाम 5 बजे तक होगा।बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों के लिए दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को मतदान होगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी और पूरी चुनावी प्रक्रिया 16 नवंबर तक पूरी कर ली जाएगी। विधानसभा का वर्तमान कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है।
