लोकसभा में भारी हंगामा: रसोई गैस की किल्लत पर विपक्ष का शोर, सोमवार तक के लिए कार्यवाही स्थगित

Update: 2026-03-13 18:33 GMT


नई दिल्ली | मध्य पूर्व में जारी इजरायल-अमेरिका और ईरान युद्ध के वैश्विक असर के बीच भारत में रसोई गैस (LPG) की भारी किल्लत को लेकर शुक्रवार को लोकसभा में जबरदस्त हंगामा हुआ। विपक्षी सांसदों के शोर-शराबे और नारेबाजी के कारण सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल सकी और पीठासीन अधिकारी कृष्ण प्रसाद तेन्नेटी ने सदन को सोमवार पूर्वाह्न 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।

प्रश्नकाल की बलि चढ़ा हंगामा

सुबह 11 बजे जैसे ही अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल शुरू किया, विपक्षी सदस्य रसोई गैस की कमी और बढ़ती कीमतों के मुद्दे पर अपने स्थानों पर खड़े होकर हंगामा करने लगे। ओम बिरला ने सदस्यों को समझाने का प्रयास करते हुए कहा कि प्रश्नकाल सरकार की जवाबदेही तय करने का महत्वपूर्ण समय है और विपक्ष के ही आठ सदस्यों के प्रश्न इसमें सूचीबद्ध हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, "सदन की मेजों पर चढ़ोगे तो कड़ी कार्रवाई होगी। सदन की मर्यादा बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी है।"

हंगामे के बीच विनियोग विधेयक 2026 पारित

बार-बार स्थगन के बाद जब दोपहर 2 बजे कार्यवाही पुनः शुरू हुई, तब भी विपक्ष का रुख आक्रामक रहा। शोर-शराबे के बीच ही वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्त वर्ष 2025-26 की अतिरिक्त अनुदान मांगों पर हुई चर्चा का जवाब दिया। इसके पश्चात सदन ने अतिरिक्त अनुदान मांगों को मंजूरी दी और इससे संबंधित विनियोग विधेयक 2026 को भी पारित कर दिया गया।

चेतावनी का भी नहीं हुआ असर

अध्यक्ष ओम बिरला ने हंगामा कर रहे सदस्यों को कड़ी चेतावनी दी कि सदन के भीतर या संसद परिसर में अशोभनीय आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पूछा कि क्या विपक्ष सदन चलाना ही नहीं चाहता? बावजूद इसके, सदस्य वेल में आकर नारेबाजी करते रहे, जिसके कारण सदन को निर्धारित समय से पहले ही सोमवार तक के लिए स्थगित करना पड़ा।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455

Similar News